हरियाणा के किसानों के लिए जरूरी खबर, रबी फसलों का रजिस्ट्रेशन शुरू; वरना नहीं मिलेगी खाद और MSP का लाभ
कृषि विभाग ने 'मेरी फसल-मेरा ब्योरा' पोर्टल पर रबी फसलों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है, किसानों से ...और पढ़ें

रबी फसलों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू। एआई जनरेटेड तस्वीर
HighLights
रबी फसलों का पंजीकरण 'मेरी फसल-मेरा ब्योरा' पोर्टल पर शुरू।
सही जानकारी दर्ज करने से पटवारी चक्करों से मिलेगी राहत।
पंजीकरण न होने पर खाद, एमएसपी लाभ में आएगी दिक्कत।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। रबी सीजन की प्रमुख फसलों की बिजाई के साथ ही कृषि विभाग ने 'मेरी फसल-मेरा ब्योरा' पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग की ओर से किसानों को जरूरी सूचना जारी करते हुए अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपनी फसलों का आनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें।
किसान पोर्टल (fasal.haryana.gov.in) पर जाकर गेहूं, जौ, चना और सरसों सहित अन्य रबी फसलों का रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। पंजीकरण के दौरान किसानों को इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि वे खेत और फसल का बिल्कुल सही ब्योरा दर्ज करें।
किसान ने जिस किले (खसरा नंबर) में जो फसल बोई है, पोर्टल पर ठीक उसी का विवरण अंकित कराएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर सही जानकारी दर्ज होने से किसानों को बाद में पटवारी के चक्कर काटने से बड़ी राहत मिलेगी।
सही डाटा होने से फसल बेचने के दौरान नहीं आती परेशानी
गिरदावरी और फसल सत्यापन के समय सही डाटा होने से मंडी में फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अधिकारियों ने आगाह किया है कि यदि किसान समय पर अपनी फसल का पंजीकरण नहीं कराते हैं तो उन्हें भविष्य में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। बिना पंजीकरण के किसानों को खाद (यूरिया-डीएपी) खरीदने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल बेचने में भारी समस्या आती है।
कहां करा सकते हैं निश्शुल्क पंजीकरण?
किसान अपने नजदीकी अटल सेवा केंद्र (सीएससी) या स्वयं अपने मोबाइल व कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर निश्शुल्क पंजीकरण कर सकते हैं।
विभाग ने सभी किसानों से जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया है, ताकि अंतिम दिनों में सर्वर डाउन होने जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।