सोनीपत की कूलर फैक्ट्री में भीषण आग, जलकर खाक हुआ लाखों का माल; दूसरे जिलों से बुलानी पड़ी फायर ब्रिगेड
सोनीपत के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक कूलर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, सोनीपत। कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार देर रात कूलर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने दमकल विभाग की चुनौती बढ़ा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि इसे बुझाने के लिए सोनीपत के विभिन्न क्षेत्रों के अलावाला समालखा से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
10 से ज्यादा फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी रहीं, लेकिन बुधवार सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। हादसे में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का माल जल गया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
करीब 11:33 बजे दमकल विभाग मिली खबर
जिला अग्निशमन अधिकारी रामेश्वर ने बताया कि कुंडली के जोन डी, सेक्टर-53 स्थित प्लाट नंबर 124 में डेलिकेसी इंफ्राबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड की कूलर और एलइडी स्क्रीन बनाने वाली फैक्ट्री है। मंगलवार रात करीब 11:33 बजे दमकल विभाग को यहां आग लगने की सूचना मिली।
इसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए गन्नौर, एजुकेशन सिटी, सेक्टर-23 समेत समालखा से भी से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए लगातार मशक्कत करनी पड़ी।
फैक्ट्री में कूलर बनाने का काम होता है। आग लगने से वहां रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
