व्यवस्थाएं सुधारने के बीच खरखौदा मंडी में पहुंचने लगा धान, 20 हजार क्विंटल की हो चुकी खरीद
खरखौदा अनाज मंडी में धान की खरीद शुरू हो गई है, अब तक 20 हजार क्विंटल से अधिक धान खरीदा ...और पढ़ें

व्यवस्थाओं की हो रही मरम्मत। जागरण
HighLights
खरखौदा मंडी में 20 हजार क्विंटल से अधिक धान खरीदा गया।
किसानों के लिए शेड व चारदीवारी की मरम्मत करवाई जा रही।
अटल कैंटीन अभी तक दोबारा शुरू नहीं हो पाई है।
संवाद सहयोगी, खरखौदा। धान की खरीद का सीजन शुरू होने के साथ ही खरखौदा की अनाज मंडी में किसान अपनी फसल लेकर पहुंचने लगे हैं। मंडी में अब तक करीब 20 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीद हो चुकी है।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्केट कमेटी की ओर से मंडी में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम भी जारी है। किसान और फसल को लेकर व्यवस्थाएं बनाने की तरफ काम करते हुए मार्केट कमेटी की तरफ से इन दिनों मंडी में काम करवाया जा रहा है, जिसके तहत वर्षों से अधूरे पड़े मंडी के शेड को पूरा कराने का काम करवाया जा रहा है।
इसके अलावा मंडी की चारदीवारी को भी दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। मंडी परिसर में उगी खरपतवार को नियंत्रित करने के लिए खरपतवार नाशक का स्प्रे भी कराया गया है। वहीं बिजली-पानी की व्यवस्था को भी दुरुस्त करवाया गया है।
अटल कैंटीन अभी नहीं हुई शुरू
मंडी में किसानों और मजदूरों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई अटल कैंटीन अभी दोबारा शुरू नहीं हो पाई है। कैंटीन चलाने वाले सेल्फ हेल्प ग्रुप ने कम प्लेट की बिक्री होने के कारण फिलहाल अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। मंडी में खरीद का काम शुरू होने के बाद किसानों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में कैंटीन को दोबारा शुरू कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
मंडी में किसानों के लिए व्यवस्थाएं की जा चुकी है। अटल कैंटिन को लेकर आढ़ती एसोसिएशन से बात की गई है, ताकि उनके श्रमिक कैंटीन से खाना खाएं। जल्द ही सेल्फ हेल्प ग्रुप से बात कर कैंटिन को शुरू करवाया जाएगा।
- सिकंदर सांगवान, सचिव, मार्केट कमेटी, खरखौदा
