केंद्रीय बजट से खरखौदा IMT को मिली नई पहचान, 5800 एकड़ में फेज-2 विस्तार से रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
केंद्रीय बजट में खरखौदा आईएमटी के विस्तार पर जोर से सोनीपत को नई पहचान मिल रही है। यह क्षेत्र हरियाणा ...और पढ़ें

5800 एकड़ में आईएमटी के फेज-2 को विकसित करने की तैयारी। डमी फोटो
HighLights
केंद्रीय बजट से खरखौदा आईएमटी को मिली नई पहचान
5800 एकड़ में फेज-2 विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
मारुति जैसी कंपनियों से खरखौदा बना वैश्विक औद्योगिक केंद्र
संवाद सहयोगी, खरखौदा (सोनीपत)। केंद्रीय बजट में औद्योगिक विकास और पूंजीगत व्यय पर दिए गए विशेष जोर से जिले के खरखौदा को नई पहचान मिलने जा रही है। बजट में खरखौदा इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) के विस्तार व विकास की बात कहे जाने से लोगों में नई उम्मीद जगी है।
यह क्षेत्र तेजी से हरियाणा का नया इंडस्ट्रियल हब बनने की ओर अग्रसर है। सरकार की योजना के तहत लगभग 5800 एकड़ में आईएमटी के फेज-2 को विकसित करने की तैयारी है, जिससे न केवल उद्योगों को विस्तार मिलेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा सहारा मिलेगा। यहां पर 10 हजार एकड़ में सेटेलाइट सिटी बनाने की घोषणा हो चुकी है।
खरखौदा आईएमटी पहले ही मारुति, सुजुकी मोटरसाइकिल, यूनो मिंडा जैसी बड़ी कंपनियों की मौजूदगी के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। मारुति के मेगा प्लांट के संचालन से इस क्षेत्र में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और अब अन्य ऑटोमोबाइल, आटो कंपोनेंट, लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी कंपनियों के यहां आने की संभावनाएं भी प्रबल हो गई हैं।
बजट में आईएमटी विस्तार की घोषणा को इसी दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है। केंद्रीय बजट 2026-27 में पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) में बढ़ोतरी का सीधा लाभ खरखौदा आईएमटी को मिलने की उम्मीद है। सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज, औद्योगिक गलियारों और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास से उद्योगों को अनुकूल माहौल मिलेगा। इससे न केवल उद्योगों की स्थापना आसान होगी बल्कि उत्पादन लागत में भी कमी आएगी, जिसका लाभ अंततः रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के रूप में सामने आएगा।
मुख्यमंत्री कर चुके हैं विस्तार की घोषणा
आईएमटी फेज-2 के बसने से खरखौदा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर बढ़ने से क्षेत्र में पलायन रुकेगा और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम करने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रियल एस्टेट और छोटे व्यापार जैसे सेक्टरों में भी तेजी आने की संभावना है। आर्थिक जानकारों का मानना है कि खरखौदा आइएमटी का विस्तार सोनीपत जिले की आर्थिक तस्वीर को पूरी तरह बदल सकता है। जहां एक ओर जिले का औद्योगिक आधार मजबूत होगा, वहीं दूसरी ओर राज्य के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
बजट में उद्योगों को प्रोत्साहन देने, इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने और निवेश अनुकूल वातावरण बनाने की घोषणाएं खरखौदा के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती हैं। कुल मिलाकर, बजट 2026-27 की सौगात से खरखौदा आइएमटी में विकास की रफ्तार और तेज होगी। आने वाले वर्षों में खरखौदा न केवल हरियाणा बल्कि उत्तर भारत के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी मजबूत जगह बना सकता है, जिससे सोनीपत जिले को नई आर्थिक ऊंचाइयों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। आईएमटी के विस्तार की घोषणा प्रदेश के सीएम नायब सिंह सैनी भी कर चुके हैं।
सरकार का बजट बेहतर है, हर वर्ग को ध्यान में रखा गया है, देश के भविष्य को लेकर सरकार के पास बड़ा विजन दिखाई दे रहा है, औद्योगिक क्रांति लाने की दिशा में सरकार का बजट दिखाई दे रहा है। आईएमटी खरखौदा को लेकर जिस प्रकार से केंद्र सरकार के बजट में चर्चा हुई है, उससे साफ हो जाता है कि आने वाले दिनों में खरखौदा को वैश्विक रूप से ऊंचा उठना तय है। - मुकेश कुमार, डायरेक्टर, नीलगिरी कंपनी, खरखौदा आईएमटी
केंद्र सरकार की तरफ से जिस प्रकार से बजट को पेश करते हुए खरखौदा आइएमटी को लेकर भी योजनाएं तैयार की गई हैं, इससे साफ होता है कि अब खरखौदा ही नहीं बल्कि पूरा सोनीपत जिला औद्योगिक हब के रूप में अपनी पहचान को और मजबूत करेगा। यहां पर निवेशकों की नजर और ज्यादा गहराने वाली है, क्योंकि खरखौदा क्षेत्र अब औद्योगिक क्षेत्र में अब लंबी छलांग लगाने के लिए तैयार हो चुका है। - राजीव दहिया, प्रधान, आईएमटी खरखौदा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन
यह बजट सभी के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, व्यापारी, महिला, किसान व युवाओं सहित सभी का समावेशी बजट है। मोदी जी के 2047 के विकसित भारत के विजन को इस बजट में दर्शाया गया है। विशेष रूप से जिस प्रकार आईएमटी खरखौदा को लेकर बजट के दौरान चर्चा हुई, स्पष्ट है कि केंद्रीय स्तर पर भी भाजपा सरकार खरखौदा की वैश्विक पहचान को और मजबूती देने का काम कर रही है। - पवन खरखौदा, विधायक, विधायक खरखौदा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।