सोनीपत में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, चंडीगढ़ से गुजरात जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार
सोनीपत के खरखौदा में क्राइम यूनिट ने सांपला-खरखौदा हाईवे पर एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की ...और पढ़ें
-1790906888537_m.webp)
अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार। जागरण
HighLights
खरखौदा पुलिस ने सांपला-खरखौदा हाईवे पर अवैध शराब पकड़ी।
चंडीगढ़ से गुजरात जा रही 2304 पव्वे अवैध शराब जब्त।
दो आरोपी गिरफ्तार, कार से गुजरात की फर्जी नंबर प्लेटें मिलीं।
संवाद सहयोगी, खरखौदा (सोनीपत)। सोनीपत में क्राइम यूनिट खरखौदा ने रोहणा के पास सांपला-खरखौदा हाईवे-334बी पर सफेद रंग की कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान जितेंद्र निवासी गांव पिपली, जिला बाड़मेर, राजस्थान और श्रवण निवासी चंपाबेरी, थाना सेड़वा, जिला बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चंडीगढ़ से शराब लेकर गुजरात जा रहे थे।
हाईवे पर कर रहे थे इंतजार
क्राइम यूनिट की टीम 1 अक्टूबर की रात रोहणा बाईपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार नंबर एचआर36एपी-3229 में दो युवक अवैध शराब लेकर गुजरात जा रहे हैं और रोहणा के पास हाईवे पर किसी व्यक्ति के इंतजार में खड़े हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने आबकारी निरीक्षक सोमबीर को मौके पर बुलाया। टीम ने कार को घेरकर उसमें बैठे दोनों आरोपियों को दबोच लिया। आबकारी निरीक्षक की निगरानी में कार की तलाशी ली गई तो चार्ली रिजर्व व्हिस्की के कुल 2304 पव्वे बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, पव्वों पर केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था। इन पर बैच नंबर 01/अगस्त/26 भी दर्ज था। बरामद शराब को 18 प्लास्टिक कट्टों में रखकर पुलिस ने कब्जे में लिया। मौके से शराब के नमूने भी लिए गए।
खरखौदा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शराब, नंबर प्लेट और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अलग-अलग नंबर प्लेट भी हुई बरामद
कार की तलाशी के दौरान सनरूफ कवर में गुजरात के अलग-अलग नंबरों वाली चार नंबर प्लेटें भी मिलीं। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र और श्रवण शराब के संबंध में कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके।
वहीं, नंबर प्लेटों के संबंध में भी दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- हजारीबाग: बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोकर लदे पिकअप से 1092 बोतल अवैध शराब जब्त; दो गिरफ्तार
