डॉ. मंगल सैन मार्ग का किया लोकार्पण
नगर परिषद (नप) ने शहर के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए सिविल रोड और बरोदा रोड को आपस में जोड़ने वाले नए संपर्क मार्ग का निर्माण किया है। इस मार्ग का नामकरण प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. डॉ. मंगलसैन की स्मृति में किया गया है। शनिवार को नप की चेयरपर्सन रजनी विरमानी ने इस नए मार्ग का लोकार्पण किया।
संवाद सहयोगी, गोहाना : नगर परिषद ने शहर के लोगों की वर्षो पुरानी मांग को पूरा करते हुए सिविल रोड और बरोदा रोड को आपस में जोड़ने वाले नए संपर्क मार्ग का निर्माण किया है। इस मार्ग का नामकरण प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. मंगल सैन की स्मृति में किया गया है। शनिवार को नप की चेयरपर्सन रजनी विरमानी ने इस नए मार्ग का लोकार्पण किया।
शहर में बरोदा रोड से सिविल रोड पर जाने के लिए सीधा मार्ग नहीं था। ऐसे में छोटे वाहनों के चालक तो गलियों से होते हुए एक से दूसरे मार्ग पर पहुंच जाते थे, लेकिन बड़े वाहनों के चालकों को फेर लगा कर एक से दूसरे मार्ग पर पहुंचना पड़ रहा था। इससे शहर में जाम भी लगता था। शहर की दोनों प्रमुख सड़कों को जोड़ने के लिए नप ने 20.60 लाख रुपये की लागत से 24 फुट चौड़ा नया पक्का रास्ता तैयार करवाया है। यह रास्ता बरोदा रोड स्थित अस्पताल और सिविल रोड स्थित पुराने डीएसपी कार्यालय के साथ से निकाला गया है। इस रास्ते का नाम डॉ. मंगल सैन की याद में रखा गया है। लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता नगर पार्षद जय प्रकाश ने की। मुख्य अतिथि नप चेयरपर्सन रजनी विरमानी रहीं। इस अवसर पर भाजपा की गोहाना हलका की निगरानी कमेटी के संयोजक गुलशन विरमानी, नगर पार्षद समेर चहल, मुकेश देवगन व भानुप्रकाश शर्मा, हरीश सतीजा, इंद्रजीत विरमानी, राम निवास कौशिक, जयवीर कौशिक, सोमनाथ तनेजा, केडी शर्मा, विनोद राजौरा, मोनू पांचाल, नप के एमई निजेश कुमार आदि मौजूद रहे।