गोहाना में दिल दहला देने वाली घटना: पत्नी दूसरे कमरे में थी, शॉर्ट सर्किट से लगी आग में पति की जलकर मौत
गोहाना के आर्य नगर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 48 वर्षीय ऑटो चालक नरेश की कमरे में जलकर मौत हो गई।

मृतक नरेश की फाइल फोटो।
HighLights
आर्य नगर में शॉर्ट सर्किट से कमरे में आग लगी।
ऑटो चालक नरेश की झुलसने से दुखद मौत हुई।
पत्नी के शोर पर पड़ोसियों ने आग बुझाई।
जागरण संवाददाता, गोहाना। आर्य नगर में घर के कमरे में शार्ट सर्किट से लगी आग में कमरे में सो रहे 48 वर्ष के आटो चालक नरेश की झुलसने से मौत हो गई।
आग लगने के बाद उसकी पत्नी लक्ष्मी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक नरेश बुरी तरह झुलस चुका था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजन को सौंप दिया गया।
मृतक के बेटे मोनू ने बताया कि वह शहर के एक होटल में नौकरी करता है, जबकि उसके पिता नरेश आटो चलाते थे। बुधवार देर शाम नरेश आटो चलाकर घर लौटे थे।
शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी और...
खाना खाने के बाद वह कमरे में जाकर सो गए। इसी दौरान कमरे में बिजली के बोर्ड में शार्ट सर्किट होने से चिंगारी निकली और पास रखे बेड के गद्दे में आग लग गई। आग लगने के कारण कमरे की फिटिंग भी जल गई।
मोनू के अनुसार उसके पिता गहरी नींद में सो रहे थे, इसलिए उन्हें आग लगने का पता नहीं चला। घटना के समय उनकी मां लक्ष्मी दूसरे कमरे में थी।
आग का पता चलते ही उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक नरेश की झुलसने से मौत हो चुकी थी।
शहर थाना गोहाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि कमरे में आग लगने से व्यक्ति के झुलसने की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में हादसा शार्ट सर्किट से लगी आग के कारण होना सामने आया है।
बिजली बोर्ड के पास ही था बेड
आग लगने से बेड का गद्दा और कमरे की पूरी बिजली फिटिंग जल गई। स्वजन के अनुसार बिजली बोर्ड के पास ही बेड बढ़ा हुआ था। शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी बेड के गद्दे पर गिरने के बाद आग लगी।
