विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोहाना में कोर्ट से लौट रहे गवाहों पर दिनदहाड़े फायरिंग, स्कॉर्पियो बुलेटप्रूफ होने से बची चारों की जान

Published: Mon, 21 Sep 2026 02:36 PM (IST)

गोहाना में जमीन के विवाद को लेकर दिनदहाड़े फायरिंग हुई, जिसमें कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे लोगों पर हमला ...और पढ़ें

फायरिंग के बाद लोगों से पूछताछ करती पुलिस। फोटो: जागरण

फायरिंग के बाद लोगों से पूछताछ करती पुलिस। फोटो: जागरण

HighLights

  1. गोहाना में जमीन विवाद को लेकर दिनदहाड़े फायरिंग हुई

  2. कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे लोगों पर हमला किया गया

  3. बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो में सवार होने से चार जान बचीं

जागरण संवाददाता, गोहाना। गोहाना में जमीन के विवाद को लेकर दिनदहाड़े गोलियां चल गईं। कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे स्कॉर्पियो सवार लोगों पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गाड़ी बुलेटप्रूफ होने से उसमें सवार चार लोगों की जान बच गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, पुगथला गांव का ऋषि और बड़ौता गांव का रविंदर अपने दो अन्य साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे थे। जब वे गोहाना के खरखोदा मोड़ के पास पहुंचे तो पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।

फॉर्च्यूनर और थार से आए बदमाश

आरोप है कि फॉर्च्यूनर और थार में सवार होकर आए बदमाशों ने स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया और फिर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं।

गोलियां स्कॉर्पियो गाड़ी पर लगीं। गनीमत रही कि जिस स्कॉर्पियो में ऋषि और रविंदर सवार थे, वह बुलेटप्रूफ थी, जिससे सभी लोग सुरक्षित बच गए।

जमीन विवाद में पहले भी मिली धमकी

बताया जा रहा है कि बड़ौता निवासी रविंदर का आरोपितों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते कोर्ट में मामला चल रहा है। रविंदर और ऋषि शुक्रवार को कोर्ट में गवाही देने के लिए आए थे। गवाही देकर लौटते समय ही उन पर हमला किया गया।

वारदात दिनदहाड़े होने से इलाके में हड़कंप मच गया। खरखोदा मोड़ पर गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरातफरी फैल गई। सूचना मिलते ही गोहाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो गाड़ी पर गोलियों के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

बड़ौता निवासी रविंदर ने बताया कि उसके साथ जमीन को लेकर कुछ लोगों का विवाद चल रहा है। आरोपितों ने पहले भी उसे धमकी दी थी। उसी रंजिश में उन्होंने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।

पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- STF को देखते ही फ्लाईओवर से लगा दी छलांग, सोनीपत में टोल मैनेजर मर्डर केस में 2 आरोपी गिरफ्तार