विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 करोड़ से चकाचक होगी गोहाना-जुलाना रोड, 7 गांव के हजारों लोगों को मिलेगा फायदा

Published: Thu, 13 Aug 2026 02:41 PM (IST)

गोहाना-जुलाना मार्ग का 15.02 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिससे सात गांवों के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

4 साल से जर्जर गोहाना-जुलाना सड़क का पुनर्निर्माण शुरू

4 साल से जर्जर गोहाना-जुलाना सड़क का पुनर्निर्माण शुरू

HighLights

  1. गोहाना-जुलाना मार्ग का 15.02 करोड़ रुपये से पुनर्निर्माण।

  2. सात गांवों के हजारों ग्रामीणों को मिलेगा सीधा फायदा।

  3. 21.5 किलोमीटर लंबी सड़क का नया निर्माण शुरू।

जागरण संवाददाता, गोहाना। सोनीपत के गोहाना में लोक निर्माण विभाग गोहाना-जुलाना मार्ग का पुनर्निर्माण कराएगा। इस कार्य पर लगभग 15.02 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

गांवों में आबादी क्षेत्र में कंक्रीट की सड़क बनेगी, जबकि आबादी से बाहर के क्षेत्र में बिटुमिनस से बनाई जाएगी। बुधवार को बरोदा हलका के विधायक इंदुराज नरवाल ने गांव बरोदा से काम शुरू कराया। इस मार्ग का पुनर्निर्माण होने से सात गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा फायदा होगा।

गोहाना-जुलाना मार्ग लगभग चार साल से जर्जर था। जगह-जगह सड़क टूटी हुई थी और गहरे गड्ढे बने हुए थे। बरोदा हलका के क्षेत्र में दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान इस मार्ग से भारी वाहनों का बहुत अधिक आवागमन हुआ था।

बनेगी 21.5 किमी लंबी सड़क

इससे गोहाना-जुलाना मार्ग पूरी तरह से टूट गया था। इस मार्ग की लंबे समय से पुनर्निर्माण की मांग की जा रही थी। अब लोक निर्माण विभाग लगभग 21.5 किलोमीटर लंबी सड़क का नए सिरे से निर्माण कराएगा।

यह सड़क गोहाना में समता चौक से गांव रिंढाणा गांव में भिवानी ब्रांच नहर तक लगभग 24 फीट चौड़ी बनाई जाएगी। शहर में रेलवे फाटक से वजीरपुर मोड़ और गांव बरोदा, बनवासा और रिंढाणा में कंक्रीट की सड़क बनाई जाएगी।

इन हिस्सों में सड़क के दोनों तरफ नालों का निर्माण भी किया जाएगा। शहर क्षेत्र में सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी।

विधायक इंदुराज नरवाल ने कहा कि उन्होंने कई बार विधानसभा में इस मार्ग की समस्या को उठाया था, जिसके बाद सरकार ने अगस्त 2025 में स्वीकृति दी।

सड़क के निर्माण से गांव खानपुर खुर्द, बरोदा मोर, बरोदा खासा, बनवासा, छपरा, रिंढाणा और अन्य गांवों के ग्रामीणों को फायदा होगा।

यह भी पढ़ें- सोनीपत में NOC के बिना शुरू हुआ सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पीडब्ल्यूडी ने रुकवाया काम