अंकित बालियान हत्याकांड: सोनीपत में फिल्मी स्टाइल में पकड़ा गया मुख्य आरोपी रोहित लाडला
शामली के अंकित बालियान हत्याकांड में आरोपी रोहित उर्फ लाडला को सोनीपत में फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार किया गया है।
-1790912483598_m.webp)
अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बदमाश गिरफ्तार। जागरण
HighLights
अंकित बालियान हत्याकांड में आरोपी रोहित उर्फ लाडला गिरफ्तार।
सोनीपत में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा।
शूटरों को भोलू शाहपुरिया से मिलवाया, गोगी गैंग से संबंध।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। सड़क पर तेज रफ्तार बाइक... पीछे सफेद रंग की गाड़ी और देखते ही देखते गांव ठरू-उल्देपुर में शुरू एक अपराधी और पुलिस के बीच आंख-मिचौली हुई।
दरअसल, शामली के अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस आरोपी रोहित उर्फ लाडला को पकड़ने आई थी। वह पुलिस को देखते ही अपने साथी के साथ बाइक लेकर भाग निकला। पुलिस गलियों में पीछा करती रही। पुलिस और बदमाश की आंख मिचौली सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई।
आखिरकार बदमाश को दबोचा
पुलिस टीम ने आखिरकार बदमाश को दबोच लिया। सादी वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मी उसे अपने साथ ले गए। इस आरोपी पर मुठभेड़ में मारे गए सोनीपत के दोनों शूटरों को मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे भोलू शाहपुरिया से मिलवाने का आरोप है।
शामली में 26 अगस्त को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि गांव उल्देपुर ठरू के रोहित उर्फ लाडला ने एनकाउंटर में मारे गए शूटर मोहित की मुलाकात भोलू शाहपुरिया से कराई थी।
शामली पुलिस ने जाल बिछाया
वहीं, जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए शामली पुलिस ने जाल बिछाया। आरोपी की लोकेशन के आधार पर पुलिस उसके काफी करीब पहुंच गई। इस दौरान वह अपने एक अन्य साथी के साथ मौजूद था। आसपास पुलिस टीम की भनक लगते ही वह बाइक पर साथी के साथ भाग निकाला।
इसके बाद पुलिस ने पीछा कर उसको पकड़ लिया। टीम अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गई। पुलिस मोबाइल में मौजूद संपर्क और अन्य जानकारी की जांच कर रही है।
शूटर मोहित और सुमित मारे गए
31 अगस्त को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी शूटर मोहित और सुमित मारे गए थे। मोहित के पास मिले मोबाइल फोन की जांच के दौरान पुलिस को रोहित के साथ उसके लगातार संपर्क में रहने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने रोहित को जांच के दायरे में लिया।
रोहित का संबंध गोगी गैंग से बताया जा रहा है। पुलिस अब उसकी भूमिका, शूटरों से संपर्क और भोलू शाहपुरिया से हुई मुलाकात की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। संबंधित थाने और अन्य जगह से भी उसके बारे में जानकारी मांगी गई है। उसका आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। जो भी सामने आया उसे साझा किया जाएगा। - रविंद्र सिंह, प्रवक्ता, सोनीपत पुलिस
यह भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड: दोनों शूटर और साजिशकर्ता घोषित किए गए भगोड़ा
यह भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड: 20 इंस्टा ID सस्पेंड, दो और मुकदमे; धमकी व अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा
