प्रदेश में कहीं विकास व व्यवस्था नजर नहीं आ रही : दीपेंद्र
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश जहां विकास व रोजगार में पिछड़ता जा रहा है वहीं अपराध भ्रष्टाचार व बेरोजगारी में आगे बढ़ता जा रहा है।
जागरण संवाददाता, गोहाना : राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार से सिर्फ भ्रष्टाचारी और अपराधी खुश हैं। आज प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं और जनता दहशत में है। प्रदेश में कानून व्यवस्था कहीं नजर नहीं आ रही है। भाजपा की सरकार में कहीं विकास और व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। प्रदेश के लोग आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राज में हुए कामों को याद करने लगे हैं। उन्होंने यह बात गांव कोहला व गंगाना में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश जहां विकास व रोजगार में पिछड़ता जा रहा है वहीं अपराध, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी में आगे बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में महिलाओं पर अपराध बढ़ रहा है। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा अपराध में टाप के राज्यों में शुमार है। जो सरकार अपने नागरिकों को सुरक्षित माहौल नहीं दे सकती, उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने गृहमंत्री अनिल विज से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता आज भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल को याद करने लगी है और अब प्रदेश में परिवर्तन चाहती है। परिवर्तन की शुरूआत बरोदा हलका के उपचुनाव से होगी। उन्होंने ग्रामीणों से कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल के पक्ष में मतदान करने की अपील की।