दहिया परिवार के हौसले व सेवा संकल्प के सामने पस्त हुआ कोरोना
कोरोना का नाम आते ही एक ओर जहां लोगों की आंखों में महामारी की भयावह तस्वीर दिखने लगती है वहीं कई लोग अपने बुलंद हौसले और सेवा के जज्बे से इसको हराने में कामयाब हो जाते हैं।
जागरण संवाददाता, सोनीपत: कोरोना का नाम आते ही एक ओर जहां लोगों की आंखों में महामारी की भयावह तस्वीर दिखने लगती है, वहीं कई लोग अपने बुलंद हौसले और सेवा के जज्बे से इसको हराने में कामयाब हो जाते हैं। ऐसा ही हौसलों को बुलंद कर कोरोना को परास्त करने वाला है सरस्वती विहार का दहिया परिवार। परिवार की पुत्रवधू नर्स ने कोरोना को हराने के साथ ही अब फिर से उसी अस्पताल में कोरोना पीड़ितों की सेवा शुरू कर दी है, जहां से उनको संक्रमण लगा था। अब पूरा परिवार लोगों की सेवा में जुट गया है। गांव और कॉलोनी को सैनिटाइज करने के साथ ही वह लोगों को घरों में रोजाना हवन करने को प्रेरित कर रहे हैं।
प्रेमसिंह दहिया सोनीपत में वेद प्रचार मंडल के प्रधान हैं। उनकी पत्नी यशवंती दहिया जिला पंचायत की पार्षद हैं। इनकी पुत्रवधू सुमन देवी दिल्ली के अस्पताल में नर्सिग इंचार्ज हैं। वह अपनी टीम के साथ अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों की सेवा में लगी थीं। सुमन को 20 अप्रैल को हल्की खांसी हुई थी। उन्होंने सावधानी के चलते टेस्ट कराया तो 22 अप्रैल को वह कोरोना संक्रमित पाई गई। उसके बाद परिवार की जांच हुई तो सुमन के पति अरविद दहिया भी संक्रमित मिले। इन दोनों को खानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और परिवार को क्वारंटाइन कर दिया गया।
सुमन ने बताया कि अस्पताल में हम पति-पत्नी ने अपने वार्ड में भर्ती संक्रमितों की खूब सेवा की। उनका हौसला बढ़ाया और सुबह-शाम व्यायाम कराया। वेद प्रचार मंडल के प्रधान होने के चलते इनके परिवार में रोजाना हवन किया जाता है। होम क्वारंटाइन होने के बाद भी वह घर पर सुबह-शाम हवन करते रहे। स्वस्थ्य होने के बाद दंपती ने अपना काम संभाल लिया है। सुमन जहां अस्पताल जाने लगी हैं, वहीं अरविद ने अपनी कालोनी सरस्वती विहार और गांव भटगांव को लगातार सैनिटाइज करा रहे हैं। यशवंती देवी लोगों के साथ रहकर उनको कोरोना से बचाव का पाठ पढ़ा रही है तो प्रेमसिंह दहिया लोगों से गिलोय व औषधि वाली सामग्री से हवन करा रहे हैं।