विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली और खरखौदा वालों का सफर आसान, औचंदी बॉर्डर से चंडीगढ़ के लिए चलेगी सीधी बस; देखें टाइमिंग और रूट

Published: Wed, 26 Aug 2026 04:51 PM (GMT+05:30)

हरियाणा रोडवेज औचंदी बार्डर से खरखौदा और सोनीपत होते हुए चंडीगढ़ के लिए नई बस सेवा शुरू करेगा। यह सेवा ...और पढ़ें

औचंदी बॉर्डर से चंडीगढ़ के लिए चलेगी बस। फोटो: आर्काइव

औचंदी बॉर्डर से चंडीगढ़ के लिए चलेगी बस। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, खरखौदा। औचंदी बाॅर्डर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को अब चंडीगढ़ जाने के लिए बस बदलने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।

हरियाणा रोडवेज ने औचंदी बॉर्डर से वाया खरखौदा और सोनीपत होते हुए चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। राज्य परिवहन निदेशक धीरेंद्र खड़गटा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत बस सुबह साढ़े छह बजे औचंदी बॉर्डर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी।

पश्चिमी और बाहरी दिल्ली को सीधा लाभ 

इस बस सेवा से खरखौदा के साथ-साथ फिरोजपुर बांगर के आसपास के दर्जन भर गांवों के साथ ही पश्चिमी व बाहरी दिल्ली के गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। अब तक चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को अलग-अलग स्थानों से बस बदलनी पड़ती है।

खासकर पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय, हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी), मिनी सचिवालय, चंडीगढ़ सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यालयों में काम से जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती थी।

ये रहेगा रूट, कई क्षेत्रों को फायदा

औचंदी बॉर्डर से शुरू होने वाली बस खरखौदा होते हुए सोनीपत जाएगी और इसके बाद चंडीगढ़ पहुंचेगी। इससे न केवल खरखौदा वासियों को बल्कि फिरोजपुर बांगर, सैदपुर, जटोला, हलालपुर, रामपुर, कुंडल, सोहटी, लडरावण, पाई, किढौली सहित दिल्ली के औचंदी, कुतुबगढ़, कटेवड़ा, टटेसर सहित अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी।

वहीं पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला कैंट की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह बस उपयोगी साबित होगी। कटेवड़ा निवासी डा. प्रदीप वत्स ने बीते दिनों राज्य परिवहन निदेशक धीरेंद्र खड़गटा से चंडीगढ़ में मुलाकात कर क्षेत्रवासियों की तरफ से इस बस सेवा को शुरू करने की मांग रखी थी।

सुबह 6:30 बजे औचंदी बॉर्डर से चलेगी

मांग में औचंदी बॉर्डर को झज्जर, सोनीपत और बाहरी दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण जंक्शन बताते हुए बस सेवा की मांग की गई थी। जिसे उनकी तरफ से स्वीकारते हुए बस सेवा शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं। यह बस सुबह साढ़े छह बजे औचंदी बॉर्डर से चला करेगी।

डॉ. प्रदीप वत्स ने कहा कि पूरे क्षेत्रवासियों के लिए राज्य परिवहन निदेशक धीरेंद्र खड़गटा की तरफ से सौगात है। क्षेत्रवासियों की इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा करने पर वह राज्य परिवहन निदेशक का आभार व्यक्त करते हैं।

निदेशक के आदेश प्राप्त हो गए हैं, रक्षाबंधन के त्यौहार के बाद औचंदी बॉर्डर से वाया खरखौदा-सोनीपत होते हुए चंडीगढ़ तक के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी।

-सुरेंद्र दुग्गल, एसएसए , सोनीपत रोडवेज डिपो

यह भी पढ़ें- सोनीपत में रोडवेज कर्मचारियों का प्रदर्शन, 5-6 सितंबर को चक्का जाम; सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप