सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा पर फोकस करेगी प्रदेश की अगली सरकार : राव नरबीर सिंह
प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि यदि राज्य में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनी तो सुरक्षा स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर सबसे अधिक फोकस किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि यदि राज्य में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनी तो सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर सबसे अधिक फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 10 की 10 लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा की जीत मुख्यमंत्री मनोहर लाल की बेहतर नीतियों की वजह से हुई है।
राव नरबीर सिंह ने यह बातें रविवार को गांव शिकोहपुर के राजकीय विद्यालय में राव ब्रह्म सिंह द्वारा बनाए गए कमरे का उद्घाटन करने के दौरान कही। इसके बाद वह सेक्टर-48 स्थित तत्वम विलाज के लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे। सोहना रोड से बसंत वाली ढाणी तक बनाये गए रेवेन्यू रास्ते का भी उन्होंने उद्घाटन किया। सेक्टर-49 स्थित उप्पल साउथ एंड के एच-ब्लॉक में लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे मंत्री ने उसे दूर करने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंत्री सेक्टर-50 स्थित द क्लोज साउथ आवासीय सोसायटी में गए। वहां पर उन्होंने नगर निगम के ओपन जिम का लोकार्पण किया। उनका अंतिम कार्यक्रम गांव शिकोहपुर हुआ। यहां पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार ने केवल दो जिला रोहतक व सोनीपत पर ही ध्यान दिया था। इसी का परिणाम रहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। मंत्री ने बताया कि अब गुरुग्राम में प्रस्तावित बस अड्डा जल्द ही बनेगा। जुलाई में इसकी नींव रखी जाएगी। इसी प्रकार गांव खेड़की माजरा में मेडिकल कॉलेज बनेगा जिसका शिलान्यास इसी माह किया जाएगा।