सोनीपत के गन्नौर अनाज मंडी में खुली अटल किसान-मजदूर कैंटीन, अब 10 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन
गन्नौर की नई अनाज मंडी में किसानों और मजदूरों के लिए अटल किसान-मजदूर कैंटीन का उद्घाटन किया गया, जहाँ उन्हें मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा।

सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल किसान-मजदूर कैंटीन की शुरुआत हुई। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
गन्नौर अनाज मंडी में अटल किसान-मजदूर कैंटीन का उद्घाटन।
किसानों और मजदूरों को मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन।
मोहन लाल बडौली और देवेंद्र कादियान ने किया शुभारंभ।
संवाद सहयोगी, गन्नौर। नई अनाज मंडी में किसानों और मजदूरों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल किसान-मजदूर कैंटीन की शुरुआत हुई। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली और विधायक देवेंद्र कादियान ने कैंटीन का उद्घाटन किया।
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली और विधायक देवेंद्र कादियान का अनाज मंडी में पहुंचने पर मार्केट कमेटी चेयरमैन निशांत छौक्कर, वाइस चेयरमैन योगेश कौशिक व फूड ग्रेन एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र गोयल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं व आढ़तियों ने स्वागत किया।
किसानों और मजदूरों को मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कैंटीन में किसानों और मजदूरों को मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने की यह योजना राहत देने वाली है। उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प के साथ प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।
इस दौरान प्रेसवार्ता में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की कांग्रेस की मांग पर बडौली ने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने का काम करती रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जब चुनाव हुए थे, उस समय ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं थे।
कांग्रेस नेताओं से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की
उन्होंने कांग्रेस से आरोप तथ्यों और सबूतों के साथ लगाने की बात कही। वोट काटे जाने के विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कांग्रेस नेताओं से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। यदि किसी पात्र व्यक्ति का वोट काटा गया है तो उसका प्रमाण सामने रखा जाए। नशे के मुद्दे पर रणदीप सुरजेवाला को लेकर बडौली ने कहा कि उनके बेटे कैथल से विधायक हैं।
उन्होंने कहा कि सुरजेवाला विधानसभा क्षेत्र में नशा बेचने वालों की जानकारी सरकार को दे सरकार कार्रवाई करेगी। विधायक देवेंद्र कादियान ने बताया कि गन्नौर की नई अनाज मंडी के विस्तार के लिए भूमि को लेकर प्रक्रिया चल रही है। क्षेत्र में प्रस्तावित रैपिड मेट्रो परियोजना के लिए जमीन का निर्धारण होने के बाद मंडी के लिए आवश्यक जमीन तय कर प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा।
बागवानी मंडी का फरवरी तक काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित
अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी का फरवरी तक काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उम्मीद है कि तय समय में काम पूरा हो जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, महामंत्री नीरज ठरू, आजाद नेहरा, मंडल अध्यक्ष अजय जैन, मनीष बंसल, विकास डब्बू त्यागी, शमशेर तूफान, शकुंतला राठी आदि मौजूद रहे।
