विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सिरसा में करवाचौथ के दिन 26 वर्षीय महिला व डेढ़ वर्षीय बेटी संग निगला जहर, मौत से मची चीख पुकार

By Jagran NewsEdited By: Manoj Kumar
Published: Thu, 13 Oct 2022 12:15 PM (IST)

एक महिला व उसकी डेढ़ वर्षीय बच्ची की जहरीले पदार्थ के सेवन से हालात बिगड़ गई। महिला के ससुर ने ...और पढ़ें

सिरसा में मां ने बेटी संग आत्‍महत्‍या कर ली
सिरसा में मां ने बेटी संग आत्‍महत्‍या कर ली

जागरण संवाददाता, सिरसा : करवाचौथ के दिन कालांवाली के वार्ड 15 की गुरुद्वारा बस्ती में वीरवार सुबह एक महिला व उसकी डेढ़ वर्षीय बच्ची की जहरीले पदार्थ को निगलने से हालात बिगड़ गई। महिला के ससुर ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां दोनों की मौत हो गई। महिला का पति रंग रोगन करता है और सुबह दिहाड़ी करने के लिए बठिंडा गया हुआ था। इस मामले में मृतक महिला सपना के मायके वालों को सूचना दी गई है। कालांवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी मुताबिक कालांवाली के वार्ड 15 की गुरुद्वारा बस्ती में रहने वाली 26 वर्षीय महिला सपना व उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी कीर्तिका की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। जानकारी मुताबिक सुबह के समय घर पर महिला सपना, उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी कृतिका के अलावा उसकी सास विमला थी। विमला बीमार रहती है और चारपाई पर है। सुबह जब उसने अपनी पोती को उल्टी करते देखा तो उसे उल्टी में से बदबू आई, इसी दौरान उसकी बहू भी उल्टी करने लगी। जिसके बाद विमला ने अपने पति बीरवल दास को फोन कर सूचना दी।

बीरवल ने घर पहुंच कर पुत्रवधु सपना व पोती कीर्तिका को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां कुछ देर बाद दोनों की मौत हो गई। बताया गया है कि सपना का पति सुखविंद्र रंग रोगन का काम करता है। वीरवार सुबह वह दिहाड़ी करने के लिए बठिंडा गया था। इस मामले की सूचना सपना के मायके मलोट में भी दे दी है। सपना की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। वारदात की सूचना मिलने के बाद कालांवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सूचना दी। संभावना जताई जा रही है कि पति पत्नी के बीच आपस में कहासुनी के चलते सपना ने यह कदम उठाया है।