100 मीटर दौड़ में विकास और प्रीति रहे प्रथम
राजेन्द्रा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साईंसेज के प्रांगण में
जागरण संवाददाता, सिरसा : राजेन्द्रा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साईंसेज के प्रांगण में वार्षिक खेल मीट-2019 का शुभारंभ हुआ। समारोह के मुख्यातिथि संस्था के चेयरमैन डा. राजेन्द्र सिंह सरां थे। सेक्रेटरी एनके गुप्ता, कोषाध्यक्ष पुलकीत गुप्ता व राजेंद्र अग्रवाल इस कार्यक्रम में पहुंचे। संस्था के प्रधानाचार्य संजीव कालड़ा ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ खिलाड़ी खेल को इस प्रकार खेलते हैं कि हारने के बाद भी उनकी तारीफ की जाती है। क्योंकि उनका हौसला होता है आसमान को छूने का।
डा. राजेंद्र सिंह सरां ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि पढ़ो तो सौ फीसद और खेलों तो सौ फीसद शक्ति का प्रयोग करो, ताकि सफलता की चरम सीमा तक पहुंच सको। एनके गुप्ता का कहना था कि स्वस्थ तन होगा तो स्वस्थ मन होगा। स्वास्थ्य प्राप्ति के लिए खेलों का होना भी आवश्यक है।
पहले दिन हुए मुकाबलों में पुरुष वर्ग में 100 मीटर दौड़ में विकास प्रथम, संजीव द्वितीय व सुनील तृतीय रहे। 200 मीटर दौड़ में भी विकास प्रथम रहा जबकि राहुल द्वितीय व संजीव तृतीय रहे। महिला वर्ग में सौ मीटर दौड़ में प्रीति, रितिका व अनीता तथा 200 मीटर दौड़ में प्रीति, परमजीत व अनीता ने बाजी मारी। कार्यक्रम में संस्था की काउंसलर एकता कालड़ा, नर्सिंग की प्रिसिपल कैलाश अरोड़ा और एमपीएचडब्ल्यू की प्रधानाचार्य कुलविन्द्र कौर भी उपस्थित थी।