साथ चोरी करते-करते चोर को हुआ महिला से प्यार, प्रेमिका ने दिया धोखा तो खोल दी गैंग की पोल
साथ चोरी करते-करते एक चोर को महिला से प्यार हो गया। लेकिन इस बीच अचानक महिला ने धोखा दे दिया तो चोर ने गैंग की पोल खोल दी।
जेएनएन, सिरसा। एक चोर अपनी महिला साथी से प्यार कर बैठा, लेकिन जब पांच बच्चों की मां महिला ने उसके प्यार को ठुकरा दिया तो उसने अपने ही गिरोह की पोल खोल दी। फिलहाल महिला और उसका चोर प्रेमी पुलिस गिरफ्त में हैं, लेकिन गैंग में शामिल महिला की बहन और बहनोई अभी गिरफ्त में नहीं आ पाए हैं।
खुद को चोर बताने वाला विनोद उर्फ समनू अंबाला के नारायणगढ़ के कल्याण गांव का रहने वाला है और उसकी महिला साथी रानी बठिंडा के अर्जुन नगर की निवासी है। सिरसा में इस गिरोह ने चार चोरियां की हैं। डीएसपी मुख्यालय आर्यन चौधरी ने बताया कि चोरी का मास्टरमाइंड विनोद ही है और उसके गैंग में चार लोग शामिल हैं, जिनमें दो महिलाएं हैं।
गैंग की वारदातों को पुलिस नहीं सुलझा पाई थी। इसी दौरान दुकानदारों के पास फोन आए, जिसमें फोन करने वाले ने बताया कि ये चोरियां बठिंडा के गिरोह ने की हैंं, जिसमें वह खुद भी शामिल है। दुकानदारों ने पुलिस को जानकारी दी तो पुलिस ने विनोद को पकड़ लिया। विनोद ने पुलिस को बताया कि उसका महिला रानी से प्रेम प्रसंग था, लेकिन इस बीच पांच बच्चों की मां रानी उसे छोडऩे पर तुल गई, जिससे खफा होकर उसने गैंग का राजफाश कर दिया। उसके बाद पुलिस ने महिला को भी गिरफ्तार कर लिया।
शहर थाना प्रभारी सत्यवान शर्मा ने बताया कि विनोद बठिंडा में वेटर का काम करता था। इसके बाद वह चोरी करने लगा। इसी दौरान उसका संपर्क रानी से हुआ। रानी ने चोरी की वारदातों में अपनी बहन और बहनोई को भी शामिल कर लिया। रानी से प्यार में धोखा खाने के बाद विनोद सिरसा आया। यहां उसने दुकानों के बाहर लिखे गए मोबाइल नंबर नोट किए और दुकानदारों को फोन कर अपने गिरोह द्वारा चोरी करने की जानकारी दे दी। उसके गिरोह ने सिटी थाना एरिया में तीन व सिविल लाइंस क्षेत्र में एक चोरी की है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें