सिरसा में बिजली चोरी रोकने गई टीम पर हमला, जेई सहित कर्मचारियों को मिली जान से मारने की धमकी
सिरसा के खाजाखेड़ा गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई निगम की टीम पर हमला हुआ, जिसमें कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।
-1795872202284_m.webp)
बिजली चोरी पकड़ने गई निगम की टीम से मारपीट।
HighLights
बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हुआ हमला।
कर्मचारियों से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी गई।
सरकारी कार्य में बाधा डालने पर मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, सिरसा। गांव खाजाखेड़ा में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एसडीओ की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
आरोप है कि जांच के दौरान उपभोक्ता ने निगम कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली और एक कर्मचारी का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
सिटी सब-डिवीजन के एसडीओ गौरव ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर को निगम की टीम गांव खाजाखेड़ा में बिजली चोरी की जांच करने गई थी। टीम में जेई रमेश लाल, सहायक लाइनमैन सतनाम और सहायक लाइनमैन धर्मेंद्र शामिल थे।
टीम जब संबंधित उपभोक्ता के परिसर में बिजली चोरी की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने लगी तो उपभोक्ता ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के अनुसार घटना के दौरान उपभोक्ता ने निगम के एक कर्मचारी का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। उक्त मोबाइल में घटना के दौरान हुई मारपीट और झगड़े से संबंधित महत्वपूर्ण रिकार्डिंग मौजूद होने की बात कही गई है। संबंधित उपभोक्ता की पहचान गांव खाजाखेड़ा निवासी प्रेम कुमार के रूप में दी गई है।
एसडीओ ने कहा कि निगम कर्मचारी सरकारी आदेशों के तहत बिजली चोरी रोकने और विभागीय राजस्व की सुरक्षा के लिए ड्यूटी कर रहे थे। ऐसे में कर्मचारियों के साथ मारपीट और धमकी की घटना गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।