कत्ल के केस में फंसाने की दी धमकी, फसल उजाड़ी, सिरसा में तंग आकर 25 साल के युवक ने जहर पीकर किया सुसाइड
सिरसा के झोरड़रोही गांव में 25 वर्षीय युवक लवजीत सिंह ने खेत में स्प्रे पीकर आत्महत्या कर ली। दादा बाबू ...और पढ़ें
-1789972067165_m.webp)
सिरसा के झोरड़रोही में युवक की स्प्रे पीने से मौत।
HighLights
सिरसा में 25 वर्षीय युवक ने जहर पीकर की आत्महत्या
सात लोगों पर फसल उजाड़ने और धमकी देने का आरोप
पुराने हत्या के मुकदमे में फंसाने की दी गई थी धमकी
जागरण संवाददाता, सिरसा। रोडी थाना क्षेत्र के गांव झोरड़रोही में करीब 25 वर्षीय युवक की खेत में स्प्रे पीने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लवजीत सिंह के रूप में हुई है। मृतक के दादा बाबू सिंह ने गांव के सात लोगों पर उसे कथित तौर पर परेशान करने, खेत में काम नहीं करने देने और एक पुराने हत्या के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाबू सिंह के अनुसार गांव के कुलबीर सिंह उर्फ निक्का सिंह की मौत के मामले में थाना रोड़ी में मुकदमा नंबर 122/2026 दर्ज है। उनका आरोप है कि इस मुकदमे में उनके छोटे बेटे अमरीक सिंह, पौते कुलदीप सिंह उर्फ मनी समेत गांव के अन्य लोगों के नाम दर्ज करवाए गए थे।
इसके बाद कुलबीर सिंह के परिवार से संबंधित जसपाल सिंह, गगनदीप सिंह, संदीप सिंह, कौर सिंह, साहम्बर सिंह, काला सिंह और भगवंत सिंह उनके परिवार से रंजिश रखने लगे।
खेत में फसल खराब करने का लगाया आरोप
बाबू सिंह ने बताया कि करीब पांच-छह दिन पहले उनका पोता लवजीत सिंह खेत में पानी लगाने गया था। आरोप है कि खेत पड़ोसी कौर सिंह और साहम्बर सिंह ने उसे काम नहीं करने दिया और ट्रैक्टर से फसल नष्ट कर दी।
विरोध करने पर कथित तौर पर अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और लवजीत के साथ हाथापाई की। आरोप है कि उसे पुराने मुकदमे में नाम लिखवाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई।
18 सितंबर को खेत में पी ली थी स्प्रे
बाबू सिंह के अनुसार इन घटनाओं से परेशान होकर लवजीत सिंह ने 18 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे खेत में रखी स्प्रे पी ली। इसके बाद वह घर पहुंचा और स्वजन को घटना की जानकारी दी।
स्वजन उसे उपचार के लिए पंजाब के बठिंडा स्थित निजी अस्पताल में ले गए, जहां उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। दादा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि लगातार कथित धमकियों, खेत में काम नहीं करने देने और फसल खराब होने से परेशान होकर लवजीत ने आत्मघाती कदम उठाया।
उन्होंने नामजद सातों लोगों को मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आज मृतक के शव को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में इस साल 9 बड़े अफसरों की होगी विदाई, प्रशासनिक स्तर पर होगा बड़ा फेरबदल; 7 IAS की सेवा होगी पूरी
