खेत में कपास-बाजरा, कागजों में बेच दिया 6.58 करोड़ का धान; हरियाणा में हुआ गजब का खेल
सिरसा में 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर दूसरे किसानों की जमीन अपने नाम दर्ज कर सरकारी एजेंसियों को धान बेचने का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है।

दूसरे किसानों की जमीन पर फर्जी धान पंजीकरण कर 6.58 करोड़ का भुगतान लेने का आरोप। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
दूसरे किसानों की जमीन पर धान का फर्जी पंजीकरण।
सरकारी एजेंसियों को धान बेचकर 6.58 करोड़ का भुगतान।
सीएम फ्लाइंग की जांच के बाद 48 लोगों पर केस।
जागरण संवाददाता, सिरसा। खरीफ सीजन 2025 में मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर दूसरे किसानों की जमीन अपने नाम दर्ज करवाकर सरकारी खरीद एजेंसियों को धान बेचने का मामला सामने आया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार टीम की जांच के आधार पर जिले के 48 लोगों के खिलाफ बड़ागुढ़ा थाना में केस दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप है कि इन लोगों ने वास्तविक जमीन मालिकों और काश्तकारों की भूमि पर अपने नाम से धान का फर्जी पंजीकरण करवाकर एमएसपी का लाभ लिया।
सीएम फ्लाइंग को कृषि विभाग से प्राप्त रिकार्ड की जांच में कई स्थानों पर पोर्टल पर दर्ज धान की फसल और पटवारी की गिरदावरी रिपोर्ट में अंतर मिला। कुछ जमीनों पर कपास, ग्वार, बाजरा, मूंग की फसल या खाली भूमि दर्ज थी।
संबंधित जमीन मालिकों और काश्तकारों ने भी बयान देकर पंजीकरण करवाने से इनकार किया।शिकायत के अनुसार आरोपितों ने आढ़तियों के माध्यम से टोकन लेकर सरकारी खरीद एजेंसियों को धान बेचा। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और मार्केट कमेटी के अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप भी लगाया गया है।
इस तरह करीब 6 करोड़ 58 लाख 11 हजार रुपये का अनुचित भुगतान लेने की बात कही गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की गई है।