विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में दशहरा की धूम... कारीगर बना रहे 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले, 6 फीट लंबी मूछें; तीन लाख रुपये तक कीमत

Published: Tue, 13 Oct 2026 03:12 PM (IST)

सिरसा में दशहरा पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां श्रीरामा क्लब और श्री विष्णु क्लब द्वारा भव्य आयोजन किए जा रहे हैं।

रावण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। (जागरण फोटो)

रावण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। (जागरण फोटो)

HighLights

  1. सिरसा में दो संस्थाएं मनाएंगी भव्य दशहरा पर्व

  2. 60 से 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले बनेंगे आकर्षण

  3. दशहरा से पहले शहर में रामलीला का आयोजन शुरू

जागरण संवाददाता सिरसा। दशहरा पर्व धूमधाम से मनाने के लिए संस्थाओं ने तैयारियां शुरू कर दी है। शहर में इस वर्ष भी दो संस्थाओं की तरफ से दशहरे पर्व पर अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

श्रीरामा क्लब की तरफ से शहर के सावन पब्लिक स्कूल के पास और श्री विष्णु क्लब की तरफ से सीडीएलयू के समक्ष दशहरा ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष भी 60 से 70 फीट के रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा।

जिले में दशहरा पर्व 20 अक्टूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। श्रीरामा क्लब की तरफ से नेहरू पार्क में ही रावण और कुंभकरण का पुतला तैयार किया जा रहा है।

क्लब की तरफ से रावण और कुंभकरण के 60 फीट के लंबे पुतले तैयार किए जा रहे हैं। रावण के हाथ में छह फीट लंबी तलवार और छह फीट लंबी मूछें होंगी।

वहीं कारीगर जोनी कुमार ने बताया कि पुतले को अंतिम रूप देने का कार्य चल रहा है। दशहरे से दो दिन पहले ग्राउंड में पुतला पहुंचा दिया जाएगा और इसके पश्चात वहां पर तैयारी की जाएगी। बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष दोनों पुतले आकर्षक होंगे और 20 अक्टूबर शाम को पुतले का दहन किया जाएगा।

विष्णु क्लब की तरफ से रावण, कुंभकरण और मेघनाद का पुतला किया जा रहा तैयार

श्री विष्णु क्लब की तरफ से इस वर्ष तीन पुतले तैयार करवाए जा रहे है। रावण का पुतला 80 फीट का रहेगा। वहीं कारीगर मेला ग्राउंड निवासी भगतराम ने बताया कि परिवार के साथ वह दो माह से पुतला तैयार करने में जुटे हैं। विष्णु क्लब की तरफ से रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले तैयार करवाए जा रहे हैं।

इन पुतलों पर अब तक सात क्विंटल कागज और बांस की लकड़ी का इस्तेमाल हो चुका है। तीनों पुतलों को बनाने में करीब तीन लाख का खर्च आएगा। रावण की तलवार नुमा मूछें 80 फीट की रहेंगी जो आकर्षक का केंद्र बनेंगी। सीडीएलयू के समक्ष दशहरा ग्राउंड में पुतले का दहन किया जाएगा।

रामलीला का आयोजन हुआ शुरू

दशहरे पर्व से पहले क्लबों की तरफ से रामलीला का आयोजन शुरू कर दिया गया है। शहर में श्रीरामा क्लब की तरफ से नेहरू पार्क में, श्री विष्णु क्लब की तरफ से विष्णु क्लब और सियाराम क्लब की तरफ से ट्रेड टावर मार्केट में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। हर रोज यहां पर काफी संख्या में श्रद्धालु रामलीला देखने के लिए पहुंच रहे हैं।