सिरसा के जमाल गांव में खेत के पेड़ पर अटका मिला पाकिस्तानी गुब्बारा, देखते ही मचा हड़कंप
सिरसा के जमाल गांव में एक खेत में पाकिस्तानी गुब्बारा मिला, जिस पर 'पीआईए' और उर्दू में कुछ लिखा था, साथ ही चांद-तारे का निशान भी बना था।

जमाल गांव के खेत में गिरा पाकिस्तानी निशान वाला गुब्बारा।
HighLights
सिरसा के जमाल गांव में खेत में मिला गुब्बारा
गुब्बारे पर 'पीआईए' और उर्दू में संदेश अंकित था
पुलिस ने गुब्बारा कब्जे में लिया, जांच जारी है
जागरण संवाददाता, सिरसा। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव जमाल में रविवार सुबह खेत में पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से ग्रामीणों में कौतूहल पैदा हो गया। जमाल-नेठराना मार्ग स्थित एक खेत में आसमान से आकर गिरे जहाजनुमा गुब्बारे पर पीआइए लिखा हुआ था।
इसके अलावा गुब्बारे पर उर्दू भाषा में कुछ लिखा था और चांद-तारे का निशान भी बना हुआ था। गुब्बारे पर पाकिस्तानी पहचान से जुड़े निशान देखकर किसान ने तुरंत इसकी सूचना जमाल चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव जमाल निवासी जगतपाल बेनीवाल का खेत जमाल-नेठराना मार्ग पर स्थित है। रविवार सुबह उसका छोटा भाई मुकेश बेनीवाल खेत में कृषि कार्य के लिए गया हुआ था। इसी दौरान उसकी नजर खेत जंडी के पेड़ में अटके जहाजनुमा गुब्बारे पर पड़ी।
गुब्बारे को देखकर वह उसके पास पहुंचा तो उस पर अंग्रेजी में पीआइए और उर्दू में कुछ लिखा हुआ दिखाई दिया। साथ ही उस पर चांद-तारे का निशान भी बना हुआ था। इसके बाद मुकेश ने बिना देरी किए जमाल चौकी पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने कब्जे में लिया गुब्बारा, जांच जारी
सूचना के बाद नाथूसरी चौपटा थाना व जमाल चौकी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गुब्बारे का निरीक्षण किया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया है। अब इसकी जांच की जा रही है कि यह गुब्बारा कहां से आया और किस उद्देश्य से छोड़ा गया था। गुब्बारे पर पीआइए लिखे होने और उर्दू में संदेश अंकित होने के कारण ग्रामीणों में इसे लेकर चर्चा रही।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हवा के साथ उड़कर गुब्बारा सिरसा आया है, क्योंकि इससे पहले भी डबवाली, रानियां व ऐलनाबाद क्षेत्र में इस तरह के गुब्बारे मिल चुके हैं। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के ही खेड़ी गांव में इसी वर्ष अप्रैल माह के दौरान भी एक खेत में इसी तरह का गुब्बारा मिला था।
क्षेत्र में दोबारा इस तरह का गुब्बारा मिलने के बाद मामले को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के अनुसार सूचना मिलने के बाद मौके पर मिले गुब्बारे को कब्जे में ले लिया गया है। गुब्बारे के स्रोत और इसके यहां तक पहुंचने के संबंध में जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।