एनएचएम कर्मचारियों ने किया हवन, अनशन पर बैठे सात कर्मचारी
एनएचएम कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर जिला में एनएचएम कर्मचा
जागरण संवाददाता, सिरसा :
एनएचएम कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर जिला में एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को नौवें दिन में प्रवेश कर गई। हड़ताली कर्मचारियों ने धरनास्थल पर हवन यज्ञ कर सरकार की सद्बुद्धि की कामना की। इसके साथ ही कर्मचारियों ने क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया। बुधवार को सात कर्मचारी अनशन पर बैठे।
हवन के दौरान कर्मचारियों ने आहुति डाली और ईश्वर से प्रार्थना की गई कि सरकार को कर्मचारियों के प्रति अपने दायित्व का अहसास हो और एनएचएम कर्मचारियों के हितों में तुरंत निर्णय लें। धरनास्थल पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिला उपप्रधान डा. राजप्रीत बराड़ ने कहा कि अधिकारी वर्ग हमारी मांगों को पूरा करने में रोड़ा अटकाने का काम कर रहे हैं और सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। क्रमिक अनशन पर बैठे सात कर्मचारी
धरनास्थल पर सात एनएचएम कर्मचारियों द्वारा क्रमिक अनशन शुरू किया गया, जिनमें ड्राइवर परमजीत बराड़, धर्मपाल, लैब टेक्निशियन महेंद्र, एएनएम सरोज, वीरपाल, कविता व सूचना सहायक मीना शामिल रहे। हड़ताली कर्मचारियों को अखिल भारतीय किसान समिति के जिला उपप्रधान गुरदित्ता कंबोज ने समर्थन दिया और कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी तो वे भूख हड़ताल शुरू कर देंगे। इस मौके पर प्रधान कुंदन गावड़िया, डा. अतुल गिजवानी, अंशु मुंजाल, कमल कक्कड़, अनिल मलिक, सुरेंद्र बैनीवाल, डा. राजप्रीत बराड़ सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित थे। हड़ताल से प्रभावित हो रही हैं स्वास्थ्य सेवाएं
एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सभी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। डिलीवरी हट, एंबुलेंस सेवा, टीकाकरण, टीबी मरीजों को दी जाने वाली दवाई, गैर संचारी रोगों की जांच, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर दी जाने वाली विभिन्न सुविधाएं, बीमार बच्चों के लिए नर्सरी की सुविधा मुख्य तौर पर प्रभावित हो रही है।