विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिरसा में चार माह से नहरी पेयजल को तरसे पांच गांवों के ग्रामीण, मिठनपुरा नहर पुल पर शुरू किया धरना

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:43 PM (IST)

ढाणी शेरांवाली भाखड़ा डिस्ट्रीब्यूटरी के टेल पर बसे पांच गांवों में चार माह से नहरी पेयजल आपूर्ति ठप है, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हैं। पेयजल संकट और खारे बोरवेल पानी से स्वास्थ्य समस्याओं की आशंका के चलते ग्रामीणों ने मिठनपुरा नहर पुल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

नहरी पेयजल को तरसे पांच गांवों के ग्रामीण (फाइल फोटो)

नहरी पेयजल को तरसे पांच गांवों के ग्रामीण (फाइल फोटो)


संवाद सहयोगी, ऐलनाबाद। ढाणी शेरांवाली भाखड़ा डिस्ट्रीब्यूटरी की टेल पर बसे पांच गांवों में पिछले चार माह से नहरी पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों में भारी रोष है।

पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार रात मिठनपुरा नहर पुल पर अनिश्चितकालीन रात्रिकालीन धरना शुरू कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने नहरी विभाग व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जलघरों तक नहरी पानी पहुंचाने की मांग उठाई।


धरने पर बैठे किसान कुलदीप मुंदलिया, नोरंग भांभू, चमकौर सिंह, बलकरण सिंह, राकेश कसवां व रवि पवार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ढाणी शेरांवाली भाखड़ा डिस्ट्रीब्यूटरी सिरसा के नहराणा हेड से निकलकर करीब 70 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद टेल तक पहुंचती है।

इसके अंतर्गत खारी सुरेरां, मिठनपुरा, किशनपुरा, कर्मशाना और ढाणी शेरावाली गांव आते हैं। नहर के पुनर्निर्माण का कार्य भी चल रहा है, लेकिन बीते चार माह से इन गांवों के जलघरों तक नहरी पानी नहीं पहुंच रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि जलघरों में लगे बोरवेल का पानी अत्यधिक खारा है और उसमें टीडीएस की मात्रा अधिक होने के कारण वह पीने योग्य नहीं है। मजबूरी में इसी पानी का उपयोग करने से लोगों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होने की आशंका बनी हुई है।


ग्रामीणों ने मांग की कि टेल पर स्थित सभी गांवों के जलघरों तक तत्काल नहरी पेयजल पहुंचाकर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक नहरी पानी नहीं पहुंचेगा, मिठनपुरा नहर पुल पर रात्रिकालीन अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।