विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाह! हरियाणा में किसान ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, खाते में आए चार लाख रुपये लौटाए

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:47 PM (IST)

सिरसा के गांव मसीतां में किसान अमनप्रीत ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। तकनीकी खामी के चलते उनके बैंक खाते में आए 4.05 लाख रुपये उन्होंने बैंक को वापस लौटा दिए।

बैंक स्टेटमेंट के साथ किसान अमनप्रीत (जागरण फोटो)

बैंक स्टेटमेंट के साथ किसान अमनप्रीत (जागरण फोटो)

HighLights

  1. किसान अमनप्रीत ने पेश की ईमानदारी की मिसाल।

  2. तकनीकी खामी से खाते में आए 4.05 लाख रुपये।

  3. बैंक को अतिरिक्त राशि वापस लौटाई किसान ने।

संवाद सहयोगी, सिरसा। खंड डबवाली के गांव मसीतां में एक किसान ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। यहां एक किसान के बैंक खाते में धान की उपज की अदायगी के दौरान तकनीकी खामी के चलते चार लाख पांच हजार रुपये की डबल एंट्री हो गई। खाते में अतिरिक्त राशि आने का पता चलते ही किसान ने बिना किसी लालच के बैंक पहुंचकर रकम वापस करने की पहल की।

गांव मसीतां निवासी किसान अमनप्रीत ने बताया कि धान बेचने के बाद अलग-अलग एंट्री के माध्यम से पेमेंट उसके बैंक खाते में आ रही थी। इसी बीच चार लाख पांच हजार रुपये की राशि गलती से दो बार जमा हो गई। पहले उसे लगा कि शायद आढ़ती ने यह रकम भेजी है।

संदेह दूर करने के लिए अमनप्रीत डबवाली में अपने आढ़ती के पास पहुंचा, जहां स्पष्ट हुआ कि आढ़ती ने कोई अतिरिक्त राशि नहीं डाली है। इसके बाद वह ग्रामीण बैंक की शाखा पहुंचा और स्टेटमेंट निकलवाकर जांच करवाई। वहां शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार को पूरे मामले से अवगत कराया।

शाखा प्रबंधक ने खाता जांचा तो पाया कि अतिरिक्त एंट्री को लेकर बैंक को ईमेल प्राप्त हुई थी और इसी कारण खाता ब्लॉक किया गया था, जिसकी जानकारी किसान को नहीं थी। अमनप्रीत ने अतिरिक्त राशि लौटाने की इच्छा जताई।

जांच में डबल एंट्री की पुष्टि होने पर बैंक प्रबंधन ने अतिरिक्त चार लाख पांच हजार रुपये की कटौती कर रकम वापस ट्रांसफर कर दी। शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार ने बताया कि तकनीकी खामी से डबल एंट्री हुई थी, जिसे जांच के बाद दुरुस्त कर अतिरिक्त राशि वापस ट्रांसफर कर दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।