सिरसा से नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म मामले में पकड़ी गई फरार महिला, पुलिस ने पंजाब से किया अरेस्ट
डबवाली पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म मामले में फरार चल रही महिला आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को पहले ही पकड़ा जा चुका था, और अब महिला आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

पंजाब से पकड़ी गई फरार महिला (फोटो- प्रतीकात्मक, जागरण)
HighLights
डबवाली पुलिस ने महिला आरोपी को पंजाब से पकड़ा।
नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म मामले में गिरफ्तारी हुई।
मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार, अब महिला पेश होगी।
संवाद सहयोगी, डबवाली : डबवाली पुलिस ने नाबालिगा को बहला-फुसलाकर अपहरण करने और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रही महिला आरोपित को पंजाब से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। महिला आरोपित को अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 5 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के स्वजन ने थाना सदर डबवाली में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नाबालिगा को बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के निर्देशन तथा डीएसपी मुख्यालय योगेश कटारिया के नेतृत्व में चौटाला चौकी प्रभारी पीएसआइ सतपाल सिंह ने टीम के साथ मामले की जांच आगे बढ़ाई।
पीड़िता के महिला अधिवक्ता के समक्ष दिए गए बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस ने 27 अक्टूबर को मामले के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। अब जांच को आगे बढ़ाते हुए वांछित महिला आरोपित को भी पंजाब से गिरफ्तार कर लिया गया है।