'खत्म होगा बिजली का झंझट! डबवाली डिविजन में 70 करोड़ की RDSS योजना शुरू
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की डबवाली डिविजन में ₹70 करोड़ की RDSS योजना शुरू हुई है। इसके तहत 1500 किमी नई केबल बिछाई जाएगी।

मार्च 2027 तक पूरा होगा कार्य।
HighLights
₹70 करोड़ की RDSS योजना डबवाली डिविजन में शुरू
1500 किमी नई केबल, 15 हजार नए पोल लगेंगे
मार्च 2027 तक निर्बाध बिजली आपूर्ति का लक्ष्य
संवाद सहयोगी जागरण, कालांवाली। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की डबवाली डिविजन के अंतर्गत आने वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है।
निगम की ओर से रिवैंपड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से समूचे बिजली ढांचे में व्यापक सुधार किया जा रहा है। इसके तहत जर्जर खंभों, नंगी तारों तथा पुरानी एचटी-एलटी लाइनों को बदलने का काम तेजी से चल रहा है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के लगभग 30 हजार शहरी तथा 93 हजार ग्रामीण उपभोक्ताओं सहित कुल 1.93 लाख उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। बुनियादी ढांचे में सुधार से लाइन लास में भारी कमी आएगी, ओवरलोडिंग व बार-बार फ्यूज उड़ने की समस्या का समाधान होगा और हादसों का खतरा पूरी तरह टल जाएगा।
मार्च 2027 तक लक्ष्य, 15 हजार नए पोल लगेंगे
योजना के तहत पूरी डबवाली डिविजन में लगभग 1500 किलोमीटर पुरानी बिजली तारों को बदला जाएगा तथा करीब 15 हजार नए पोल स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही फीडरों का बाइफर्केशन (विभाजन) कर नई केबल बिछाई जा रही है।
निर्माण एजेंसी गावड़ कंस्ट्रक्शन लिमिटेड द्वारा यह कार्य करवाया जा रहा है। अत्यधिक गर्मी और धान के सीजन में बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए काम की गति नियंत्रित रखी गई थी, लेकिन अब इसमें तेजी लाई गई है। पूरा प्रोजेक्ट मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इन सब-डिविजनों में चल रहा है काम
डबवाली डिविजन के अंतर्गत आने वाले सब-डिविजन कालांवाली, डबवाली, रोड़ी, चौटाला और बिज्जूवाला में निगम की लगभग 25 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं।
विशेष रूप से कालांवाली सब-डिविजन के शहर व गांव कालांवाली के अलावा तारूआना, तिलोकेवाला, माखा, असीर, हस्सू, चट्ठा, ओढ़ां, खोखर, देसूमलकाना, दादू, लक्कड़वाली, चोरमार खेड़ा, पिपली तथा रामपुरा ढाणी में काम जोर-शोर से जारी है।
शहर व गांव कालांवाली में अब तक करीब 150 नए पोल लगाए जा चुके हैं और 40 किलोमीटर लंबी नई तार बिछाई जा चुकी है।
70 करोड़ से बदला जाएगा पुराना ढांचा
अनुज कुमार, कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन), डीएचबीवीएन डबवाली ने बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत 70 करोड़ रुपये से बिजली का पुराना ढांचा बदला जा रहा है। ओवरलोड क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर जर्जर खंभे और तारें बदली जा रही हैं। मार्च 2027 तक कार्य पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलेगी।
