विधायक गोपाल कांडा की माता के निधन पर शोक जताने पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को विधायक गोपाल कांडा के रानियां र
जागरण संवाददाता, सिरसा : मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को विधायक गोपाल कांडा के रानियां रोड स्थित निवास में उनकी माता राधा देवी कांडा के निधन पर शोक प्रकट करने पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, सीएम के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने गोपाल कांडा, गोबिद कांडा व परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर राधा देवी के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्यों ने राधादेवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राधा देवी कांडा ने सदैव मुरलीधर कांडा के गो-रक्षा आंदोलन, जरूरतमंद की सहायता और जनहित की हर लड़ाई में साथ दिया। राधा देवी कांडा ने सेवा, संस्कार और संस्कृति को सदैव बढ़ावा दिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि राधा देवी त्याग तप, सेवा और सादगी की मिसाल थी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्व. मुरलीधर कांडा को उनकी सेवाओं को देखते हुए सरकार की ओर से मरणोपरांत मिले ताम्रपत्र का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने मुरलीधर कांडा एडवोकेट के पुराने फोटो भी देखे जिसमें मुरलीधर कांडा ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर डाक टिकट का लोकार्पण किया था। इस मौके पर गोबिद अग्रवाल विशेष न्यायाधीश, सुभाष गोयल, मोतीलाल कंदोई, कृष्ण सैनी, जय सिंह कुसुंबी, सुरेंद्र मिचनाबादी, अनिल गनेरीवाला, तेज प्रकाश बांसल, साकेत कंदोई, लखराम कांडा, धवल कांडा, धैर्य कांडा, शुभम कांडा, माधव अग्रवाल, जलज अग्रवाल मौजूद थे।