हरियाणा में किसानों के सवालों पर भड़के BJP नेता, चुनाव लड़ने की दी चुनौती; 'फंदे पर लटकाने' वाले बयान पर बवाल
डबवाली के हैबुआना गांव में सरकारी योजनाओं और किसानों की समस्याओं पर भाजपा नेता देव कुमार शर्मा और एक किसान नेता के बीच तीखी बहस हुई।

किसानों के सवालों पर भड़के BJP नेता। फोटो जागरण
HighLights
डबवाली में सरकारी योजनाओं पर भाजपा-किसान नेता में बहस।
भाजपा नेता ने किसान नेता को चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
बहस का फेसबुक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
जागरण संवाददाता, सिरसा। डबवाली के गांव हैबुआना में सरकारी योजनाओं और किसानों की समस्याओं को लेकर शुरू हुई बातचीत तीखी बहस में बदल गई।
भाजपा नेता देव कुमार शर्मा ने किसान नेता के सवालों पर चुनाव लड़कर देखने की चुनौती दी। इस दौरान पंजाब के किसान संगठनों और किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी के चुनावी प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की।
पूरी बातचीत का फेसबुक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, देव कुमार शर्मा ने बाद में कहा कि अब दोनों पक्ष बैठकर चाय पी रहे हैं।
बता दें कि खंड डबवाली के गांव कालांवाली में 22 नवंबर को आयोजित होने वाली मैराथन में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा शुक्रवार को गांव की धर्मशाला में पहुंचे।
सुबह करीब नौ बजे आयोजित बैठक में उन्होंने ग्रामीणों को मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का निमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और किसान हित में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। हालांकि, बैठक के दौरान गांव की समस्याओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर चेयरमैन तथा किसानों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच बहस ने विवाद का रूप ले लिया।
बैठक में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए देव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर लगातार काम कर रही है। आज हरियाणा का किसान खुशहाल है और प्रदेश में 24 फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जा रही हैं।
उन्होंने पराली प्रबंधन को लेकर सरकार की ओर से किए गए प्रयासों का भी उल्लेख करते हुए इसे सराहनीय बताया। उनके अनुसार सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत है।