विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में सरकारी अस्पताल से चोरी हुआ 6800 नशीली टैबलेट, पुलिस ने शुरू की जांच

Published: Tue, 03 Nov 2026 03:45 PM (IST)

सिरसा के जिला नागरिक अस्पताल के ओएसटी सेंटर से सोमवार रात 6800 नशीली टैबलेट चोरी हो गईं। अज्ञात चोर ने ...और पढ़ें

नागरिक अस्पताल के ओएसटी सेंटर से 6800 नशीली टैबलेट चोरी, अलमारी तोड़कर ले गया चोर।

नागरिक अस्पताल के ओएसटी सेंटर से 6800 नशीली टैबलेट चोरी, अलमारी तोड़कर ले गया चोर।

HighLights

  1. ओएसटी सेंटर से 6800 नशीली टैबलेट चोरी हुईं

  2. चोर ने अलमारी तोड़कर बुप्रेनोर्फिन गोलियां चुराईं

  3. पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जागरण संवाददाता, सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल परिसर स्थित टीबी भवन में संचालित ओएसटी सेंटर से सोमवार रात अज्ञात व्यक्ति 6800 टैबलेट चोरी कर ले गया। ये गोलियां लोहे की अलमारी में रखी हुई थीं।

आरोपित ने पहले एल्यूमिनियम गेट का निचला हिस्सा खोलकर भवन में प्रवेश किया और फिर अलमारी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखी दवाएं चोरी कर लीं। मंगलवार सुबह स्टाफ सेंटर पहुंचा तो घटना का पता चला। उप सिविल सर्जन डॉ. प्रतीक गोयल ने इसकी सूचना जेजे कालोनी पुलिस चौकी को दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इंजेक्शन से नशा करने वालों को दी जाती है दवा

नागरिक अस्पताल के ओएसटी ओपियम सब्सटीट्यूट थैरेपी सेंटर में इंजेक्शन के माध्यम से नशा करने वाले लोगों को नशे की लत से बाहर निकालने के लिए बुप्रेनोर्फिन टैबलेट दी जाती हैं।

इन गोलियों को मुंह में रखकर लिया जाता है। सेंटर में करीब 850 मरीज पंजीकृत हैं। टीबी भवन में अलग से बनाए गए इस सेंटर में सुबह मरीजों को दवा वितरित की जाती है।

जानकारी के अनुसार सोमवार को स्टाफ सेंटर बंद करके चला गया था। भवन में ओपीडी संचालित नहीं होने के कारण रात के समय वहां आमतौर पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहता।

इसी का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने सेंटर में प्रवेश किया और अलमारी में रखी दवाएं चोरी कर लीं। अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपित का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।

सुरक्षा के लिए बदला दवाओं का स्थान

उप सिविल सर्जन डॉ. प्रतीक गोयल के अनुसार, घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से दवाओं का स्थान बदल दिया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

गौरतलब है कि करीब एक साल पहले भी ओएसटी सेंटर से दवाएं चोरी होने की घटना सामने आ चुकी है। इसके बावजूद दोबारा चोरी होने से सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।