सिरसा में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई कार; तीन युवकों की मौत
सिरसा के नहराना गांव के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो ...और पढ़ें
-1794329665010_m.webp)
सिरसा में भीषण सड़क हादसा। फोटो जागरण
HighLights
नहराना गांव के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ।
कार तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से पीछे से टकराई।
हादसे में तीन युवकों संदीप, कुलदीप और नरेश की मौत।
जागरण संवाददाता, सिरसा। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव नहराना के पास सोमवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई। भट्टू की तरफ से चौपटा आ रही टियागो कार सड़क पर खड़ी तूड़ी से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से जा टकराई।
मृतकों में पीली मंदोरी निवासी संदीप और ढाणी गोपाल निवासी कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हिसार के किरतान गांव के नरेश को उपचार के लिए अग्रोहा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। मृतक कुलदीप और नरेश सांडू थे। जबकि संदीप उनका दोस्त था।
हिसार जिले के किरतान गांव में नरेश के कुछ दिन पहले बच्चे का जन्म हुआ। नवजात की खुशी में सोमवार को कार्यक्रम था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी मेहमान अपने-अपने घरों की ओर रवाना हो गए। कार्यक्रम में नरेश का सांडू कुलदीप निवासी ढाणी गोपाल अपनी पत्नी सीमा और दो बेटों के साथ गया हुआ था। कार्यक्रम के बाद वह शाम को गांव लौट गई थी।
रात को नरेश अपने सांडू 27 वर्षीय कुलदीप को छोड़ने के लिए टिआगो कार में सवार होकर किरतान से पीलीमंदोरी की ओर निकल पड़ा। कुलदीप पीलीमंदोरी में गिट्टी फैक्ट्री में नौकरी करता था।
उसका दोस्त 26 वर्षीय संदीप भी इसी गांव का था। तीनों रात करीब एक बजे जब चोपटा से पीलीमंदोरी जा रहे थे तो सिरसा जिले के नहराना गांव के निकट उनकी कार आगे चल रही तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से जा टकराई। हादसे में तीनों की मौत हो गई।