12 दिन बाद हमले में घायल ने तोड़ा दम, भाई सहित तीन पर मामला दर्ज
रानियां में पारिवारिक विवाद में बीती 8 जून को घायल हुए व्यक्ति हर
जागरण संवाददाता, सिरसा : रानियां में पारिवारिक विवाद में बीती 8 जून को घायल हुए व्यक्ति हरजिद्र सिंह ने बीती रात दम तोड़ दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। इस मामले में रानियां पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ दर्ज मामले में हत्या करने की धारा जोड़ दी है।
ये था मामला
रानियां के वार्ड नंबर 13 निवासी पलविद्र कौर ने रानियां थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि बीती 8 जून को वह अपने भाई हरजिद्र सिंह के घर आई हुई थी। शाम के समय हरजिद्र सिंह अपने खेतों में गया। जहां उसका दूसरा भाई इकबाल सिंह मकान बनाकर रहता है। पलविद्र कौर ने बताया कि उसे किसी ने सूचना दी कि इकबाल हरजिद्र सिंह को गालियां निकाल रहा है, इसके बाद जब वह खेत के नजदीक पहुंची तो हरजिद्र सिंह खेत से आता दिखाई दिया तथा उसके पीछे इकबाल सिंह जिसके हाथ में तेजधार हथियार था, उसकी पत्नी बलजीत कौर व बेटा सुरेंद्र सिंह हाथों में डंडे लिए आ रहे थे। उक्त आरोपितों ने हरजिद्र सिंह पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसके बाद वह अपने भाई को रानियां अस्पताल में लेकर पहुंची, जहां से उसे सिरसा रेफर कर दिया गया और सिरसा से हिसार के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान हरजिद्र सिंह ने बृहस्पतिवार शाम को दम तोड़ दिया। ::::बीती 8 जून को रानियां में हरजिद्र सिंह को उसके भाई इकबाल सिंह, भाभी बलजीत कौर व भतीजे सुरेंद्र ने हमला कर घायल कर दिया था। इस मामले में हरजिद्र की बहन पलविद्र कौर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। बीती शाम हरजिद्र सिंह की मौत हो गई। इस मामले में आरोपितों के खिलाफ हत्या करने की धारा और जोड़ दी गई है।
- महेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, रानियां