यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सर्व खाप पंचायत ने कहा, यशपाल मलिक ने आंदोलन के चंदे की राशि हड़पी
सर्व खाप पंचायत ने यशपाल मलिक पर जाट आरक्षण आंदोलन के लिए एकत्र किए गए चंदे की राशि को हड़पने ...और पढ़ें

जेएनएन, रोहतक। आरक्षण आंदोलन को लेकर जाट संगठनाें में खींचतान थम नहीं रही। अब सर्वखाप पंचायत ने अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष यशपाल मलिक पर आंदोलन के लिए एकत्र किया गया चंदा हड़पने का आरोप लगाया है। सर्वखाप पंचायत ने उनसे चंदे का हिसाब-किताब देने को कहा है। खाप ने हरियाणा सरकार से जाट आरक्षण आंदोलन के समय किए गए सभी वादों को भी पूरा करने की मांग की है।
रोहतक, सोनीपत व झज्जर के खाप प्रधानों की सर्वखाप पंचायत रोहतक में सनसिटी परिसर में पंचायत हुई। इसकी अध्यक्षता सर्व खाप पंचायत के संयोजक महेंद्र सिंह नांदल ने की। इसमें खाप प्रधानों ने आरोप लगाया कि आरक्षण की लड़ाई के लिए एकत्रित किए गए चंदे को आरक्षण की लड़ाई पर खर्च नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें: हनीप्रीत कर सकती है पंचकूला पुलिस के समक्ष सरेंडर, सुरक्षा हुई कड़ी
खाप प्रधानों ने कहा कि यशपाल मलिक ने इस राशि से शिक्षण संस्था खोलने के लिए जमीन खरीद ली है। यह आरक्षण की लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश है। जाट आरक्षण में जेलों में बंद युवा व उनके परिवार आर्थिक तंगी झेल रहे हैं और यशपाल मलिक आरक्षण के लिए जमा किए गए चंदे से युवाओं की मदद करने की बजाय जमीन खरीद रहे हैं।
खाप पंचायत ने निर्णय किया कि जिन युवाओं की जाट आरक्षण के कारण पंचकूला के सीबीआइ कोर्ट में पेशी लगती है उसका समस्त खर्च खाप पंचायतें जाट समाज राहत कोष से करेगी। जेलों में बंद युवाअों की भी आर्थिक मदद की जाएगी।
पंचायत में कई प्रस्ताव पास
खाप पंचायत में कई प्रस्ताव भी पास किए गए। इन प्रस्तावों में कहा गया कि सरकार के वायदे के अनुसार जाट आरक्षण के दौरान केस वापस नहीं हुए हैं। इस पर शीघ्र अमल किया जाना चाहिए। युवाओं की रिहाई भी आज तक पूर्ण नहीं हुई। यह कार्य शीघ्र पूरा होना चाहिए। इसके अलावा आरक्षण पर जारी कोर्ट की रोक के खिलाफ रिट लगाई जाए व पिछड़े आयोग में फार्म जमा करने की कार्यवाही शुरू की जाए।
यह भी पढ़ें: फ्रांस से आएंगे 36 राफेल एयरक्राफ्ट, तैयार हो रहा अंबाला एयरबेस
इस अवसर पर दहिया खाप प्रधान सुरेन्द्र दहिया, रोहतक 584 प्रधान हरदीप अहलावत, दुल्हेडा बारहा जिला प्रधान उमेश देशवाल, देशवाल खाप से शिवधन देशवाल, कादियान खाप प्रधान केदार कादियान, महम चौबीसी प्रधान तुलसी ग्रेवाल, सरोहा खाप प्रधान रणधीर ङ्क्षसह सरोहा, कथूरा बारह प्रधान भले राम नरवाल, सुनारियां सतगामा प्रधान प्रकाश बुधवार आदि मौजूद रहे।
