सैमाण में पेयजल की समस्या, महिलाओं ने किया मटका फोड़ प्रदर्शन
सैमाण गांव में पेयजल समस्या से परेशान महिलाओं ने शनिवार को जलघर पर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा।
संवाद सहयोगी, महम : सैमाण गांव में बढ़ती पेयजल समस्या से परेशान महिलाओं ने शनिवार को जलघर पर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था कि गांव में कई माह से आपूर्ति के पानी को लेकर काफी समस्या बनी हुई है। उनको पीने का पानी दूर-दूर खेतों से सिर पर लाना पड़ता है। कई बार अधिकारियों को शिकायत भी कर चुके हैं उसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
ग्रामीण सुरेश ,धर्मबीर, कर्मबीर, बलबीर, बजरंग, निखिल, अजय, सुधीर, मालू,राम, प्रकाश, प्रदीप नरेंद्र, मीना, राजबाला, प्रकाशो, राजवंती, सुषमा, प्रेम, रीतू व प्रीति आदि का कहना था कि कपड़े धोने व नहाने के पानी भी समस्या बनी हुई है। गांव में जलघर होने के बावजूद भी पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। जिसके कारण उनको भारी परेशानी से गुजरना पड़ रहा है। पहले पानी जलघर में लगाए गए ट्यूबवेलों से सप्लाई कर दिया जाता था। वो भी कुछ हिस्सों में ही सप्लाई हो पाता था। लेकिन बीस नवंबर के बाद उनके घरों में सप्लाई का पानी नहीं आने से स्थिति खराब है। ग्रामीणों ने कहा कि जल्दी ही समाधान नहीं हुआ तो जलघर पर ताला लगाना उनकी मजबूरी हो जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्दी से जल्दी समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है।
नहरी पानी की कमी ही मुख्य कारण
नहरी पानी का टोटा ही मुख्य समस्या बनी हुई है। विभाग की ओर से स्थायी समाधान करने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। एस्टीमेट पास हो चुका है लगभग एक सप्ताह में टेंडर लगवा दिए जाएंगे। तब तक ट्यूबवेलों से पानी की सप्लाई की जा रही है।
सुरेंद्र कादयान, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग