बराबर समाज के लिए महिलाओं के लिए आर्थिक मजबूती जरूरी : मीना
संवाद सहयोगी, सांपला : ब्रेकथ्रू संस्था द्वारा भैंसरू खुर्द गांव में मॉपेट शो का आयोजन किया गया।
संवाद सहयोगी, सांपला :
ब्रेकथ्रू संस्था द्वारा भैंसरू खुर्द गांव में मॉपेट शो का आयोजन किया गया। इसमें मॉपेट शो के माध्यम से हम सब एक बराबर नाटक प्रस्तुत किया। नाटक में पुरूष एवं महिलाओं के लिए प्रॉपर्टी राइट की बातचीत की गई। रात्रि चौपाल के तीसरे दिन नाटक हम सब एक बराबर में महिलाओं के साथ संपत्ति को लेकर भेदभाव को दिखाया गया। जिसका उद्देश्य ये है कि महिलाओं को संपति के अधिकार मे बराबरी का अधिकार हो जिससे महिला व पुरूष साथ मिलकर एक बेहतर व सुरक्षित समाज बना सकें। हमारे समाज में लड़के को ही संपति का उत्तराधिकारी माना जाता है। किसी को लड़का नहीं है तो उस पर समाज द्वारा दबाव बनाया जाता है कि आप लड़के को गोद ले लो नहीं तो यह प्रॉपर्टी किसके लिए इकट्ठा कर रहे हो। नाटक के अंत में दिखाया गया कि दुंबे ने किसी का लड़का गोद नहीं लिया बल्कि उसने अपनी संपत्ति दोनों बेटियों में बराबर बराबर बांट दी। ब्रेकथ्रू संस्था का उद्देश्य है कि सुरक्षित व बेहतर समाज के निर्माण के लिए पुरुष व महिला का समान होना बहुत जरूरी है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो चाहे या संपति का अधिकार हो।
मॉपेट शो के बाद दो छोटी-छोटी वीडियो दिखाई गई, जिसमें साफ-साफ समझ में आया कि महिलाएं खेतों में काम करती हैं लेकिन उन्हें किसान नहीं समझा जाता। महिलाएं ऑटो चलाती हैं लेकिन उसे एक प्रोफेशनल नहीं माना जाता, हमें इसी सोच को बदलने की जरूरत है। ब्रेकथ्रू संस्था से मीना रानी ने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी तभी बराबरी के समाज का निर्माण होगा। प्रवीण कुमार ने बताया कि जब तक हम अपनी बहन, बुआ व बेटियों को संपत्ति में बराबर का अधिकार नहीं देंगे तब तक ¨लगभेदभाव को खत्म करना मुश्किल होगा। जिन घरों में लड़कियों को अच्छी शिक्षा दी जाती है, महिलाएं नौकरी करती हैं तो वो घर तरक्की करते हैं और वो घर प्रगति करते हैं।
नाटक के मौके पर आए कुछ महिला व पुरुषों ने कहा कि हम अपने बेटे और बेटी को बराबर की संपत्ति देंगे। वहीं कुछ ने कहा कि यदि लड़कियां संपत्ति में अधिकार मांगती हैं तो भाई बहन के रिश्ते खराब होते हैं। इस मौके पर गांव के सरपंच राजेश, आंगनवाड़ी वर्कर नीलम, कमलेश, तारावती और छोटी देवी, ब्रेकथ्रू संस्था से मीना, वरूण और नेत्रपाल आदि शामिल रहे।