विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेंशन की फाइल कहां अटकी? घर बैठे मिलेगी जानकारी, हरियाणा में ODMS पोर्टल लॉन्च

Published: Wed, 18 Nov 2026 09:17 PM (IST)

हरियाणा के सेवानिवृत्त कर्मचारी अब ऑनलाइन डायरी मैनेजमेंट सिस्टम (ओडीएमएस) पोर्टल पर अपनी पेंशन पुनरीक्षण फाइल की दैनिक प्रगति और वर्तमान स्थिति घर बैठे देख सकेंगे।

घर बैठे मिलेगी पेंशन की जानकारी। फोटो जागरण

घर बैठे मिलेगी पेंशन की जानकारी। फोटो जागरण

HighLights

  1. सेवानिवृत्त कर्मचारी ऑनलाइन देख सकेंगे पेंशन फाइल की स्थिति।

  2. प्रधान महालेखाकार कार्यालय ने ओडीएमएस पोर्टल सुविधा दी।

  3. पीपीओ नंबर या फाइल आईडी से लॉग इन कर जानकारी।

रत्न पंवार, रोहतक। पेंशन पुनरीक्षण की फाइल कहां अटकी है और उस पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अब बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हरियाणा में पेंशनर आनलाइन डायरी मैनेजमेंट सिस्टम (ओडीएमएस) पोर्टल पर अपने मामले की दैनिक प्रगति और वर्तमान स्थिति खुद देख सकेंगे। इसके लिए पीपीओ नंबर या फाइल आइडी से लागइन करना होगा।

प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), हरियाणा के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय ने यह सुविधा उपलब्ध करवाई है। पोर्टल पर जारी प्राधिकार पत्र की जानकारी भी मिलेगी। यह जानकारी सेक्टर तीन निवासी उमेद सिंह खत्री की शिकायत और सूचना मांगने के जवाब में दी गई है। इस व्यवस्था से पेंशनरों को अपनी फाइल का अपडेट लेने के लिए कार्यालयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

पीपीओ नंबर से मिलेगी फाइल की जानकारी

ओडीएमएस के माध्यम से पेंशनर घर बैठे प्रकरण की रोजाना प्रगति, मौजूदा स्थिति और जारी प्राधिकार पत्र का विवरण देख सकेंगे। सहायता के लिए 0172-3503960 और 0172-2613211 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

2644 मामलों पर हुई कार्रवाई

प्रधान महालेखाकार कार्यालय ने 10 मार्च से 30 सितंबर 2026 तक नोशनल इंक्रीमेंट के आधार पर पेंशन पुनरीक्षण के 2644 मामलों पर कार्रवाई की जानकारी दी है। पूरे दस्तावेजों के साथ मिले मामलों पर कार्रवाई हो चुकी है।

अधूरे दस्तावेज वाले प्रकरण संबंधित पेंशन स्वीकृति प्राधिकारी (पीएसए) और आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को लौटाए गए हैं। उनसे जरूरी दस्तावेज पूरे कर मामले दोबारा भेजने को कहा गया है।

30 दिन में निपटान का दावा

कार्यालय का दावा है कि पेंशन मामलों का निपटान नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के नागरिक अधिकार-पत्र में तय 30 दिन की समय-सीमा में किया जाता है। उमेद सिंह खत्री ने 30 सितंबर को मुख्यालय में आवेदन देकर पहले मिले जवाब पर असंतोष जताया था। उनका कहना था कि विभिन्न शाखाओं से जानकारी जुटाकर व्यापक रिपोर्ट दी जा सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

क्या है नोशनल इंक्रीमेंट?

नोशनल इंक्रीमेंट यानी काल्पनिक वेतन वृद्धि का लाभ उन कर्मचारियों को पेंशन निर्धारण में दिया जाता है, जो एक जुलाई को वार्षिक वेतन वृद्धि के पात्र होते हैं, लेकिन 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाते हैं। इससे पेंशन की गणना बढ़े हुए वेतन के आधार पर हो सकती है। सरकार ने इस संबंध में 16 सितंबर 2025 को आदेश जारी किए थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।