रोहतक में मौसम का खेल, कोहरे और ठंड के बाद खिली धूप; बाजारों में छाई रौनक
रोहतक में शुक्रवार को मौसम बदला। सुबह घना कोहरा और ठंडी हवाएं चलीं, जिससे न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा। ...और पढ़ें

रोहतक में शुक्रवार को मौसम बदला (फोटो: जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रोहतक। शहर में मौसम का मिजाज शुक्रवार को कुछ बदला हुआ नजर आया। न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा और ठंडी हवा चलती रही।
ठंडी हवा चलने के कारण लोग देर तक घरों में ही बैठे रहे। हालांकि सुबह के शुरुआती घंटों के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। हल्की-हल्की धूप निकलने से ठंड से काफी राहत महसूस हुई।
लोग घरों की छतों, पार्कों और खुले स्थानों में धूप का आनंद लेते दिखाई दिए। बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह धूप किसी राहत से कम नहीं थी। ठंडी हवाओं का असर कम होने से बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी सुबह के समय कोहरा रहने की संभावना बनी रहेगी, लेकिन दिन में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में सर्दी-जुकाम और वायरल का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने और ठंडी चीजों से परहेज करने की सलाह दी जा रही है। किसानों के लिए यह मौसम मिलाजुला असर लेकर आया है।
गेहूं और सरसों की फसल के लिए हल्की ठंड फायदेमंद मानी जा रही है, लेकिन अधिक कोहरा फसल पर नमी बढ़ा सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को खेतों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है। दिन में निकली धूप ने लोगों को ठिठुरन से बड़ी राहत दी। शहरवासियों का कहना है कि यदि इसी तरह दिन में मौसम साफ रहे तो सर्दी का असर सहन करने लायक बना रहेगा।
