विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानी, सफाई और बिजली... रोहतक में गांव की समस्याओं को लेकर टावर पर चढ़ा शख्स, बोला- समाधान के बाद ही उतरूंगा

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:10 PM (IST)

रोहतक के खेड़ी साध गांव में देवेंद्र नामक व्यक्ति गांव की बदहाल सुविधाओं से नाराज होकर बिजली के टावर पर ...और पढ़ें

रोहतक में गांव की समस्याओं को लेकर टावर पर चढ़ा शख्स। फोटो जागरण

रोहतक में गांव की समस्याओं को लेकर टावर पर चढ़ा शख्स। फोटो जागरण

जागरण संवाददाता, रोहतक। गांव खेड़ी साध की समस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने अपनी आवाज पहुंचाने के लिए खेड़ी साध के देवेंद्र ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया। गांव की बदहाल सुविधाओं से नाराज देवेन्द्र बिजली के टावर पर चढ़ गए।

उन्होंने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताते हुए कहा कि गांव की समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी।

गांव में पानी की समस्या, सफाई का उचित प्रबंध नहीं होना, जगह-जगह टूटे बिजली के खंभे और क्षतिग्रस्त गलियां लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। देवेन्द्र ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक इन मांगों पर समाधान नहीं होता, वह टावर से नीचे नहीं उतरेंगे।

उनके इस कदम के बाद अब प्रशासन के सामने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ गांव की समस्याओं पर जवाब देने की चुनौती भी है।

मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया

देवेन्द्र का कहना है कि गांव की समस्याएं कोई नई नहीं हैं। लंबे समय से ग्रामीण इन परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कई बार संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई और सुविधाओं में सुधार की मांग की, लेकिन शिकायतों के बावजूद धरातल पर बदलाव नजर नहीं आया।

उनका आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बाद भी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने टावर पर चढ़कर विरोध करने का फैसला लिया।

गांव खेड़ी साध में पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर देवेन्द्र ने विशेष रूप से आवाज उठाई है। उनका कहना है कि ग्रामीणों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

वहीं, सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। उनका मानना है कि गांव में रहने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए।

टूटी गलियों के कारण आवागमन प्रभावित

देवेन्द्र ने गांव के आधारभूत ढांचे की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक बिजली के कई खंभे टूटे हुए हैं और गांव की गलियों की हालत भी खराब है। टूटी गलियों के कारण आवागमन प्रभावित होता है, जबकि बिजली के खंभों की मरम्मत और सुरक्षा भी जरूरी है।

उनका कहना है कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को रोजाना की परेशानियों से राहत मिल सके।

टावर पर चढ़े देवेन्द्र ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि गांव की समस्याओं का वास्तविक समाधान होना चाहिए। जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।