दो किशोरों के लापता होने से हड़कंप, थाने में हंगामा
रोहतक : तेज कालोनी और गांधी कैंप से दो किशोरों के लापता होने से पुलि
जागरण संवाददाता, रोहतक : तेज कालोनी और गांधी कैंप से दो किशोरों के लापता होने से पुलिस में हड़कंप मच गया। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने दोनों को एमडीयू के पार्क से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद एक किशोर के परिजनों ने आर्य नगर थाने में पहुंचकर हंगामा किया। आरोप था कि उनके बेटे को पुलिस ने बुरी तरह से पीटा है।
दरअसल, तेज कालोनी का रहने वाला एक किशोर शाम के समय अचानक गायब हो गया। परिजनों की काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। देर शाम पता चला कि उसका दोस्त भी गांधी कैंप से लापता हो गया है। अपहरण की आशंका होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। दो किशोरों के लापता होने से पुलिस में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई थानों की पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मोबाइल नंबर भी ट्रेस किए। काफी देर बाद दोनों किशोर एमडीयू के पार्क में बैठे मिले। इस पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और परिजनों के हवाले कर दिया। इसके बाद देर रात तेज कालोनी के रहने वाले काफी लोग आर्य नगर थाने में पहुंचे। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने उनके बेटे को पीटा है। काफी देर तक इसे लेकर हंगामा चलता रहा। हालांकि बाद में पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया।