लालच देकर महिलाओं से जेवरात लूटने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, सात वारदातों का खुलासा
जागरण संवाददाता रोहतक कूपन में इनाम जीतने का लालच देकर महिलाओं से जेवरात ठगी करने व
जागरण संवाददाता, रोहतक : कूपन में इनाम जीतने का लालच देकर महिलाओं से जेवरात ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसपी राहुल शर्मा के निर्देश पर सीआइए-3 ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों ने लूट की सात वारदातों का खुलासा किया है। शुक्रवार को पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार दो आरोपितों को रिमांड के बाद जेल भेज दिया जबकि दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए दो दिन की रिमांड पर लिया है।
क्षेत्र में इनाम का लालच देकर महिलाओं से जेवरात ठगने वाले गिरोह ने एक साथ कई वारदातों को अंजाम दिया था। गिरोह के सदस्य पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। आठ जुलाई को पुलिस ने गिरोह के दो सदस्य संदीप और मुकेश को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दो दिन की रिमांड पर लेकर उनसे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर सीआइए थ्री की टीम ने शुक्रवार को गिरोह के दो अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। सीआइए थ्री निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर शुक्रवार को हिसार बाईपास से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम राकेश उर्फ विक्की निवासी इंद्रा कालोनी व संजय निवासी कलिगा भिवानी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की रिमांड पर भेजा गया है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह ग्रामीण इलाकों में सुनसान रास्तों पर जाकर महिलाओं से कूपन में इनाम जीतने का लालच देते थे। इसके बाद वह महिलाओं को झांसे में लेकर उनके जेवरात उतरवा लेते थे और फरार हो जाते थे। इन वारदातों का हुआ खुलासा
1. आठ जून 2019 को गांव आंवल के खेतों में दो महिलाओं को झांसे में लेकर एक मंगलसूत्र व दो सोने के बाले लूटे थे। मामले में कलानौर थाने में पीड़ित द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
2. 15 अप्रैल 2019 को किशनगढ़, महम में एक महिला को लालच देकर सोने के बाले लूटे थे। महम थाने में संबंधित मुकदमा दर्ज है।
3. सात जून 2019 को काहनौर निगाना रोड पर एक महिला से सोने के बाले लूटे थे। कलानौर थाने में मामला दर्ज किया गया था।
4. आठ जून 2019 को सैंपल रोड पर एक महिला से सोने के बाले लूटे थे। कलानौर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
5. 24 जून 2019 को पटवापुर माड़ौठी रोड पर एक महिला से सोने के बाले व लॉकेट लूटकर फरार हो गए थे। कलानौर थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
6. 16 जून 2019 को गांव बहुअकबरपुर में वेटरनरी कॉलेज के पास एक महिला को झांसे में लेकर सोने के बाले लूटे थे।
7. दो जुलाई 2019 को गांव सिंहपुरा में बहु जमालपुर रोड पर दो महिलाओं से सोने की अंगूठी व सोने के बाले लूटे थे। थाना सदर में मामला दर्ज कराया गया था।