रोहतक में हादसा: टॉर्च दिखाते रहे साथी, तेज रफ्तार कार ने गाड़ी का टायर बदल रहे युवकों को कुचला; 3 की मौत
रोहतक में सड़क किनारे गाड़ी का टायर बदल रहे चार युवकों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, जिसमें तीन ...और पढ़ें
-1793630010003_m.webp)
मृतक नगेंद्र और भोला। फाइल फोटो
HighLights
रोहतक में तेज रफ्तार कार ने तीन युवकों को कुचला।
सड़क किनारे गाड़ी का टायर बदल रहे थे चारों युवक।
हादसे में तीन की मौत, एक युवक की हालत गंभीर।
जागरण संवाददाता, रोहतक। सड़क किनारे गाड़ी का टायर बदल रहे चार युवकों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। साथी टॉर्च जलाकर आने वाले वाहनों को इशारा करते रहे, लेकिन कार चालक ने रफ्तार कम नहीं की। रविवार-सोमवार रात करीब 11 बजे शिवाजी कालोनी थाना क्षेत्र के शिमली गांव के पास हुए हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल है।
मृतकों में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी और सीतापुर के दो युवक और रोहतक का एक युवक शामिल है। हादसे के समय छह युवक झज्जर के बेरी गेट से टेंट का सामान लेकर रोहतक लौट रहे थे। रास्ते में गाड़ी का टायर फटने पर चार युवक स्टेपनी बदलने लगे।
इसी दौरान झज्जर की ओर से आई कार उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे में मैनपुरी निवासी नगेंद्र की मौत उसके भांजे सूरज कुमार के सामने हुई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेरी गेट से टेंट का सामान लेकर लौट रहे थे
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के गांव खाकेताल निवासी सूरज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फिलहाल सुनारिया चौक पर रहता है और करीब एक साल से ढाका टेंट हाउस में मजदूरी कर रहा है। एक नवंबर को वह पांच अन्य युवकों के साथ झज्जर के बेरी गेट से टेंट का सामान गाड़ी में लोड कर रोहतक लौट रहा था।
शिमली गांव के पास अचानक गाड़ी का टायर फट गया। इसके बाद सभी युवक नीचे उतरे। चार युवक जैक लगाकर स्टेपनी बदलने लगे, जबकि सूरज और जितेश गाड़ी के पीछे खड़े होकर टॉर्च की रोशनी से आने वाले वाहनों को इशारा कर रहे थे।
टक्कर मारकर फरार हुआ कार चालक
सूरज के अनुसार, झज्जर की तरफ से तेज रफ्तार कार आई और चारों युवकों को टक्कर मारते हुए निकल गई। चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घबराहट में वे कार का नंबर नोट नहीं कर सके।
लोगों की मदद से घायलों को पीजीआइएमएस पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मैनपुरी निवासी 20 वर्षीय नगेंद्र, सीतापुर निवासी 28 वर्षीय मुकेश और रोहतक निवासी 27 वर्षीय भोला को मृत घोषित कर दिया। अंशुल का उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
भांजे के सामने गई मामा की जान
सूरज कुमार ने बताया कि मृतकों में उसका मामा नगेंद्र भी शामिल है। सभी युवक रोजी-रोटी कमाने के लिए रोहतक में रह रहे थे। सोमवार को तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंपेगी। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।