जमानत पर आए हत्यारोपित को घर में घुसकर गोली मारी, गंभीर
सुंदरपुर गांव में ब्लाक समिति सदस्य के पति की हत्या के मामले में जमानत पर आए आरोपित को घर में घुसकर गोली मार दी गई। घायल को पीजीआइ में भर्ती कराया गया।
जागरण संवाददाता, रोहतक : सुंदरपुर गांव में ब्लाक समिति सदस्य के पति की हत्या के मामले में जमानत पर आए आरोपित को घर में घुसकर गोली मार दी गई। घायल को पीजीआइ में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सुंदरपुर गांव निवासी जयभगवान सोमवार रात अपने मकान में सो रहा था। रात करीब डेढ़ बजे अचानक मकान में शोर सुनाई दी। जब वह गेट खोलकर कमरे से बाहर निकला तो वहां पर एक युवक था, जिसने जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी। गोली जयभगवान के दाएं हाथ में लगी। गोली मारने वाले आरोपित के साथ एक अन्य युवक भी था। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में कामयाब हो गए। जिसके बाद घायल को पीजीआइ में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जयभगवान ब्लाक समिति की सदस्य के पति मंजीत की हत्या में आरोपित है। मार्च 2019 में मंजीत की चाकू और डंडों से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जयभगवान समेत कई आरोपितों के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज कराया गया था। आरोपित जयभगवान तभी से जेल में था। जो फिलहाल कुछ दिनों से जमानत पर आया हुआ है। वर्जन
जयभगवान जमानत पर आया हुआ है। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
- एसआइ जसवंत, चौकी प्रभारी टिटौली