जिसके हाथ से कुर्सी जाएगी उसको थोड़ी परेशानी तो जरूर होगी : डा. तंवर
संवाद सहयोगी, कलानौर : जिसके हाथ से कुर्सी जाएगी उसको थोड़ी परेशानी तो जरूर होगी। ये शब्
संवाद सहयोगी, कलानौर : जिसके हाथ से कुर्सी जाएगी उसको थोड़ी परेशानी तो जरूर होगी। ये शब्द अपनी ही पार्टी की अंदरूनी कलह के बारे में पूछने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहे। कांग्रेस पार्टी की हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ साइकिल यात्रा के तीसरे दिन कस्बे के काहनौर गांव पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। हालांकि इस यात्रा के दौरान कलानौर कांग्रेस का कोई भी पदाधिकारी दिखाई नहीं दिया। इस अवसर पर डा. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, महिलाओं की असुरक्षा के मामले अपने उच्चतम स्तर पर हैं। पंचकूला में हुई सामूहिक रेप की घटना ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने टोहाना में महिलाओं के साथ हुए दुर्व्यवहार भी सरकार को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने लोगो से अपील की कि अगर देश को सांप्रदायिक ताकतों से बचाना है तथा देश को एक सूत्र में पिरोना है तो उसके लिए यह जरूरी है कि कांग्रेस भारी बहुमत के साथ लोकसभा में पहुंचे। सभी कार्यकर्ता प्रदेश की जनता के बीच जाएं तथा उनकी समस्याओं को दूर करने का प्रयास करें।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों की पार्टी है तथा हम जातिवाद की राजनीति नहीं करते। हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं तथा लोकसभा व विधानसभा की लगभग सभी सीटें जीतकर भारी बहुमत से सत्ता हासिल करेंगे। कांग्रेस सरकार बनने पर सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा तथा देश व प्रदेश को बेहतर बनाने की दिशा में काम होगा।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की साइकिल तेजी से आगे बढ़ रही है और विपक्षी दल साइकिल को रोकने के लिए पूरी तरह जोर लगाए हुए हैं। लेकिन डा. अशोक तंवर की साइकिल गरीब, मजदूर, युवा, विद्यार्थी, महिलाओं सहित प्रदेश के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रही है और आने वाले 2019 के चुनावों में रिकार्ड तोड़ मतों से अपनी सरकार बनाएगी। काहनौर से चिमनी होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेंगे तंवर
डा. अशोक तंवर ने कहा कि गढ़ी सांपला किलोई वाया महम होते हुए वो कलानौर हलके के गांव काहनौर पहुंचे हैं और इससे तीन किलोमीटर आगे उनका पैतृक गांव चिमनी आता है और चिमनी से ही वो चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इशारों ही इशारों में उन्होंने अपने आप को मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट कर अपने कार्यकर्ताओं को संकेत दिए। सत बाबा उदासीन आश्रम डेरे पर किया विश्राम
साइकिल यात्रा के तीसरे दिन गांव काहनौर के सत बाबा उदासीन आश्रम डेरे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने माथा टेका और बाबा मदनदास, महंत प्रेमदास, बाबा सुखाशाह व बाबा हंसराज से आशीर्वाद भी लिया। उनका तीसरे दिन यहीं पर रात्रि विश्राम का कार्यक्रम था लेकिन दिल्ली में सीडब्ल्यूसी की मी¨टग होने के चलते उन्हें रात को ही वहां से निकलना पड़ा। हालांकि उनकी साइकिल यात्रा का समापन कलानौर अनाजमंडी में की जाने वाली रैली से होना था। सीडब्ल्यूसी की मी¨टग के चलते उस रैली को भी स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि साइकिल यात्रा के तय कार्यक्रम अनुसार पार्टी कार्यकर्ता कल कलानौर में समापन करेंगे।