रोहतक में कार टच होने पर खूनी संघर्ष, शोरूम मैनेजर की मौत; गोली मारने वाले 75 वर्षीय पूर्व सरपंच गिरफ्तार
जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर कार टच होने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें रोहतक के कपड़ा शोरूम के सहायक मैनेजर प्रह्लाद की गोली लगने से मौत हो गई।
-1794482780229_m.webp)
रोहतक में कार टच होने पर खूनी संघर्ष। सांकेतिक फोटो
HighLights
एक्सप्रेस-वे पर कार टच विवाद में मैनेजर प्रह्लाद की गोली से मौत।
75 वर्षीय पूर्व सरपंच रामचंद्र हुड्डा आत्मरक्षा का दावा कर गिरफ्तार।
पुलिस दोनों पक्षों के बयानों, घटनास्थल के साक्ष्यों की जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, रोहतक। जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर कार टच होने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मंगलवार देर रात खानपुर खुर्द और आहुलाना गांव के बीच एक्सप्रेस-वे पर हुई कहासुनी के बाद चली गोली से रोहतक में किराये पर रहने वाले कपड़ा शोरूम के सहायक मैनेजर प्रह्लाद की मौत हो गई। मामले में आसन गांव के 75 वर्षीय पूर्व सरपंच रामचंद्र हुड्डा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पूर्व सरपंच ने दावा किया है कि उन्होंने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। घटना के बाद उन्होंने पुलिस के पास पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर बरौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वीरवार काे पुलिस ने रामचंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
अब पुलिस दोनों पक्षों के बयानों, घटनास्थल के साक्ष्यों और गोली चलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। आत्मरक्षा में गोली चलाने के दावे की भी जांच की जाएगी।
डल्हौजी से बेटियों को लेकर आ रहे थे बुजुर्ग रामचंद्र
रोहतक के गांव आसन के सरपंच प्रतिनिधि सतेंद्र के अनुसार, रामचंद्र हुड्डा वर्ष 1991 से 1996 तक आसन गांव के सरपंच रहे हैं। मंगलवार देर रात वे अपनी बेटियों के साथ एमजी हेक्टर कार में जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे से लौट रहे थे। रास्ते में टोल पर उनकी कार इटियोस लीवा से टच हो गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
इसके बाद खानपुर खुर्द और आहुलाना के बीच वाहनों को रुकवा लिया गया। यहां विवाद बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। सतेंद्र का दावा है कि इसी दौरान रामचंद्र ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो प्रह्लाद को लग गई। गोली कंधे और बगल के बीच से होते हुए दिल और फेफड़े के नजदीक जा लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
25 साल पहले की थी दूसरी शादी, चार बच्चे
सरपंच प्रतिनिधि सतेंद्र ने बताया कि रामचंद्र हुड्डा ने करीब 25 साल पहले दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उनकी कोई संतान नहीं थी। दूसरी पत्नी से उनके तीन बेटियां और एक बेटा है। सबसे बड़ी बेटी 22 साल की है। बच्चे डल्हौजी के स्कूल में पढ़ते हैं। दीपावली के बाद सर्दियों की छुट्टियां होने के चलते रामचंद्र अपनी बेटियों को लेकर लौट रहे थे।
सतेंद्र के अनुसार, रामचंद्र गांव में पंचायती व्यक्ति के रूप में पहचान रखते रहे हैं। वे बड़े विवादों को सुलझाने में आगे रहते थे। नजदीकी गांव कंसाला में रंजिश के चलते हुई कई मौतों के मामले में भी उन्होंने पंचायती फैसला करवाने में भूमिका निभाई थी। वे प्रापर्टी और खादान से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं।
शोरूम की ओपनिंग से लौट रहे थे प्रह्लाद और हरिओम
पुलिस के अनुसार, प्रह्लाद एक कपड़ा शोरूम में सहायक मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और रोहतक में किराये पर रहते थे। मंगलवार को वह अपने साथी हरिओम निवासी गांव रुड़की के साथ कैथल में एक नए कपड़ा शोरूम की ओपनिंग में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों देर रात कार से रोहतक लौट रहे थे।
वे जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे से सफर कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार एमजी हेक्टर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एमजी हेक्टर सवार दो लोग मौके से निकल गए। प्रह्लाद और हरिओम ने उनका पीछा किया और गोहाना क्षेत्र में रुखी और आहुलाना गांव के बीच एक्सप्रेस-वे पर गाड़ी रुकवा ली।
इसके बाद दोनों पक्षों में टक्कर मारने को लेकर बहस शुरू हो गई। इसी दौरान गोली चलने से प्रह्लाद घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर गाड़ी सहित फरार हो गए। हरिओम घायल प्रह्लाद को पीजीआइ रोहतक लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।