पड़ोसन ने बेची थी नाबालिग छात्रा, अदालत ने दो महिलाओं समेत आठ दोषियों को सुनाई उम्रकैद की सजा
रोहतक की नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म मामले में अदालत ने दो महिलाओं समेत आठ दोषियों को उम्रकैद की ...और पढ़ें

रोहतक की छात्रा के साथ अपहरण और दुष्कर्म मामले में आठ को उम्रकैद (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
नाबालिग छात्रा अपहरण, राजस्थान ले जाकर दुष्कर्म किया गया।
दो महिलाओं समेत आठ दोषियों को उम्रकैद की सजा।
पीड़िता को पांच लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश।
जागरण संवाददाता, रोहतक। शहर की दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा का अपहरण कर उसे राजस्थान ले जाने व दुष्कर्म करने के मामले में अदालत ने दो महिलाओं समेत आठ दोषियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है। इसमें विकास उर्फ तस्कर, साेमबीर, पवन, विनोद, महेश, मान सिंह, रविता उर्फ रमिता व दीक्षा शामिल है।
दोषियों पर जुर्माना लगाने के साथ पीड़िता को पांच लाख रुपये मुआवजा देने का भी निर्देश दिया है। यह फैसला सोमवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सलेंद्र सिंह की अदालत ने सुनाया।
पीड़िता का बयान व पुलिस दोषियों को सजा दिलाने में अहम रही। इस मामले में एक आरोपी अभी फरार है। इस पर गिरफ्तारी के बाद केस चलेगा।
अदालत में दर्ज केस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 7 जुलाई 2022 को पुलिस को शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि उसकी दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी 30 जून 2022 को शाम करीब पांच बजे घर से दूध लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
नाबालिग छात्रा का शव किया बरामद
मां ने बेटी के अपहरण की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने जांच के दौरान 2 जुलाई को शास्त्री नगर स्थित एक पूर्व पार्षद के कार्यालय से नाबालिग छात्रा को बरामद किया था।
इसके बाद पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और अदालत में उसके बयान दर्ज करवाए गए। जांच के दौरान पुलिस ने रविता उर्फ रमिता, दीक्षा और विकास उर्फ तस्कर सहित अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया।
मामले में कुल आठ लोगों को आरोपित बनाया गया था। अदालत में सुनवाई के दौरान शुक्रवार को सभी आठ आरोपितों को दोषी करार दिया गया। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। अदालत अब 2 नवंबर को दोषियों के खिलाफ सजा तय करेगी।
पड़ोसन ने तस्कर को बेची थी लड़की
जिला उप न्यायवादी रेणु दहिया ने बताया कि वर्ष 2022 में 15 साल की लड़की को पड़ोस की ही एक महिला ने बेच दिया था। इसके लिए राजस्थान के विकास उर्फ तस्कर को उसके आपत्तिजनक फोटो भेजे।
इसके बाद वह रात को ही महिला के घर पहुंचा। उसके साथ कुछ और लोग भी थे। राजगढ़ ले जाने के बाद बेहोशी की हालत में लड़की को कई लोगों के पास भेजा गया। यहां उससे दुराचार किया गया।
इस मामले में एफआइआर होने का पता लगने पर लड़की को राजगढ़ से बस में बैठा दिया गया। वहां से वह किसी तरह रोहतक पहुंची। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए आठ आरोपियों का गिरफ्तार किया। अब अदालत ने इन्हें सजा सुनाई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।