रोहतक ढाबा हत्याकांड: मेरठ की युवती ने बिछाया था हनीट्रैप का जाल, हत्या के बाद बैंकॉक फरार; भेजती थी सनी रिटौलिया की लोकेशन
रोहतक के मिलन ढाबे पर हुए चौहरे हत्याकांड में हनी ट्रैप का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसमें हिमांशु भाऊ ने सन्नी रिटौलिया को फंसाने के लिए मेरठ की जाह्नवी का इस्तेमाल किया।
-1795854887446_m.webp)
मेरठ की युवती ने बिछाया था हनीट्रैप का जाल। फोटो जागरण
HighLights
हनी ट्रैप के जरिए सन्नी रिटौलिया को फंसाने की साजिश सामने आई।
मेरठ की जाह्नवी वारदात के बाद बैंकाक फरार होने की सूचना।
सुरेंद्र कलानौर ने हत्याकांड को अंजाम देने में नेतृत्व किया।
जागरण संवाददाता, रोहतक। खरावड़ बाइपास स्थित मिलन ढाबे पर चार युवकों की हत्या के मामले में सबसे हैरानी करने वाला मामला हनी ट्रैप का भी सामने आया है। इस मामले में हिमांशु भाऊ ने एक मेरठ की युवती को हनी ट्रैप के लिए सन्नी रिटौलिया के साथ जोड़ा, ताकि अपना बदला ले सके। इसके बाद पुलिस ने दो अहम पहलुओं पर जांच बढ़ा दी है।
पहला, सन्नी रिटौलिया के साथ मौजूद रही मेरठ की युवती जाह्नवी की भूमिका और वारदात से पहले व बाद की गतिविधियां। दूसरा, हमलावरों की टीम में शामिल बताए जा रहे सुरेंद्र कलानौर के पुराने आपराधिक संपर्क और गैंगस्टर नेटवर्क को लेकर जांच का दायरा बढ़ा है।
चूंकि मिलन ढाबा पर चौहरे हत्याकांड को अंजाम देने में सुरेंद्र ही इसे लीड कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, जाह्नवी कई दिन से सन्नी रिटौलिया तक पहुंच बनाने का प्रयास कर रही थी, जबकि सुरेंद्र पहले से ही विक्की बाक्सर, नसीब सांघी और पलोटरा गैंग से जुड़ा रहा है।
सन्नी रिटौलिया के साथ कॉर्नर वाली सीट पर बैठी थी
सूत्रों के मुताबिक, जाह्नवी मलिक वारदात के दिन सन्नी रिटौलिया के साथ मिलन ढाबे पर मौजूद थी। वह सन्नी के साथ एक ही वाहन में नहीं आई थी, बल्कि अलग गाड़ी से पहुंची थी। बताया जा रहा है कि वह ढाबे पर सन्नी रिटौलिया के साथ कार्नर वाली सीट पर बैठी थी।
गोलीबारी शुरू होने के बाद सन्नी भीड़ का फायदा उठाकर मुख्य गेट से बाहर निकल गया, जबकि युवती अपनी गाड़ी में वहां से दिल्ली बाइपास स्थित सोसायटी में अपने फ्लैट पर चली गई। यहां से सामान लेकर सीधे बैंकाक के लिए दिल्ली एयरपोर्ट रवाना हुई।
सन्नी रिटाैलिया पर हनी ट्रैप के लिए युवती को चुना
सूत्रों का दावा है कि जाह्नवी मेरठ की रहने वाली है। उसके पिता की हत्या हो चुकी है और भाई जेल में है। इसके बाद वह इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय हुई। बताया जाता है कि वह कई दिन से दिल्ली बाइपास के नजदीक एक सोसायटी के फ्लैट में ठहरी हुई थी।
उसका मकसद सिर्फ सन्नी रिटौलिया को हनी ट्रैप के जरिये मुलाकात करना बताया जा रहा है। हिमांशु भाऊ की सन्नी रिटौलिया के सामने पुरानी दुश्मनी है और वह इसके लिए लगातार जाल बिछाने में लगा है। वारदात के बाद युवती के दिल्ली जाने और फिर बैंकाक रवाना होने की सूचना भी सामने आई है।
चूंकि दिल्ली से सुबह 3:30 और 6:20 बजे की दो ही फ्लाइट थी। इसमें सुबह 6:20 की फ्लाइट से युवती से भागने की सूचना सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अब तक इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है।
सुरेंद्र कलानौर 15 साल से विक्की बॉक्सर के साथ जुड़ा रहा
दूसरी ओर, वारदात को अंजाम देने वाली टीम में सुरेंद्र कलानौर की भूमिका होने का दावा किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, उसका संपर्क विक्की बाक्सर, नसीब सांघी और पलोटरा गैंग से रहा है। बताया जाता है कि वह करीब आठ साल से घोषित अपराधी है और उसके खिलाफ लूट, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे मामलों का आपराधिक इतिहास रहा है।
उसका नाम करीब 15 साल से अपराध जगत में सक्रिय रहने वाले लोगों में लिया जाता है। सूत्रों का कहना है कि घोषित अपराधी होने के बाद वह लंबे समय तक अपेक्षाकृत शांत रहा और शीला बाइपास स्थित विक्की बाक्सर के घर पर भी रहा।
विक्की के जेल में होने के चलते सुरेंद्र ही उसकी घर केे कामकाज संभालता रहा है। अब मिलन ढाबे की वारदात में उसका नाम सामने आने के बाद पुराने संपर्कों और संभावित नेटवर्क की पड़ताल तेज हो गई है।
बंटी के पास मोबाइल पर आ रही थी हरेक सूचना
वहीं करीब दो माह बाद जून 2026 में डीघल में पैर से दिव्यांग 50 वर्षीय जितेंद्र की गोली मारकर हत्या करने के मामले में बंटी डीघल का नाम भी सामने आया था। इसके बाद से यह फरार चल रहा है। इसमें जितेंद्र, साहिल हत्याकांड के मुख्य आरोपित योगेश उर्फ योगी का सगा ताऊ था।
जांच में इसे साहिल की हत्या का बदला लेने की कड़ी से जोड़ा गया था और जितेंद्र के भाई सोमवीर की शिकायत पर मामला दर्ज कर बाद में मुंबई के कुर्ला से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था।
अब मिलन ढाबा हत्याकांड में भी बंटी नीले रंग की टोपी लगाकर सुरेंद्र को कवर फायर दे रहा था। साथ ही युवती की ओर से सन्नी रिटौलिया के बारे में हरेक लोकेशन व सूचना भी इसी बंटी के मोबाइल पर ही आ रही थी। वहीं दो हमलावर मास्क लगाए हुए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।