दो दिवसीय हड़ताल के फेल होने के कारणों की समीक्षा करेंगे रोडवेज कर्मचारी
रोहतक : दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के असफल होने पर अब रोडवेज तालमेल
जागरण संवाददाता, रोहतक : दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के असफल होने पर अब रोडवेज तालमेल कमेटी बैठक कर हड़ताल की विफलता को लेकर विचार विमर्श करेगी। मंगलवार को यूनियन मुख्यालय पर आयोजित होने वाली बैठक में कर्मचारियों की अन्य समस्याओं को लेकर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में रोडवेज के कुल चार कर्मचारी संगठन हिस्सा लेंगे।
हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी के वरिष्ठ सदस्य वीरेंद्र धनखड़ ने बताया कि मंगलवार को यूनियन मुख्यालय पर बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से आठ व नौ जनवरी को हुई दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के विफल होने के कारणों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर भी विचार विमर्श किया जाएगा। बैठक में कुल चार कर्मचारी संगठन हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक में कर्मचारियों को एचआरए नहीं दिए जाने, वेतन विसंगति, खाली पड़े पदों पर नियुक्ति, कोर्ट के आदेशों के बाद भी कच्चे कर्मचारियों को पक्का न किए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके साथ ही दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दौरान सभी यूनियन पदाधिकारी तो हड़ताल पर रहे थे, लेकिन अन्य कर्मचारियों ने हड़ताल क्यों नहीं की, इसके बारे में जानकारी करते हुए आगामी रणनीति बनाई जाएगी।