हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में रोजगार की अलग-अलग तस्वीर; पंजाब में बेरोजगारी सबसे ज्यादा, दिल्ली में महिलाएं पीछे
केंद्रीय सांख्यिकी रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में श्रमबल भागीदारी सर्वाधिक है, पर बेरोजगारी दर भी सबसे ऊंची है, जबकि हरियाणा में रोजगार अनुपात बेहतर है। दिल्ली में सेवा क्षेत्र का प्रभुत्व है, लेकिन महिला श्रमबल भागीदारी तीनों में सबसे कम दर्ज की गई है।

हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में रोजगार की अलग-अलग तस्वीर (फोटो- जागरण आर्काइव)
HighLights
पंजाब में श्रमबल भागीदारी अधिक, लेकिन बेरोजगारी दर उच्चतम।
हरियाणा में रोजगार अनुपात बेहतर, दिल्ली सेवा क्षेत्र पर निर्भर।
दिल्ली में महिला श्रमबल भागीदारी सबसे कम, बड़ी चुनौती।
रत्न पंवार, रोहतक। हरियाणा, पंजाब और दिल्ली की अर्थव्यवस्था और रोजगार की स्थिति की तुलना करें तो तीनों की तस्वीर एक-दूसरे से काफी अलग दिखाई देती है।
पंजाब में 15 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की श्रमबल में भागीदारी सबसे अधिक है, लेकिन रोजगार पाने की चुनौती भी सबसे बड़ी है। हरियाणा में श्रमबल में शामिल लोगों के अनुपात के मुकाबले वास्तव में काम कर रहे लोगों की स्थिति बेहतर दिखाई देती है।
वहीं दिल्ली में रोजगार का बड़ा आधार सेवा क्षेत्र है, लेकिन महिलाओं की श्रमबल में भागीदारी तीनों में सबसे कम है। केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की जुलाई-सितंबर 2026 की आवधिक श्रमबल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में श्रमबल भागीदारी दर 53.4 प्रतिशत रही।
हरियाणा में यह 48.9 प्रतिशत और दिल्ली में 41.4 प्रतिशत दर्ज की गई। यानी पंजाब में सबसे अधिक लोग रोजगार में हैं या काम की तलाश में श्रमबल का हिस्सा हैं, लेकिन कामगार जनसंख्या अनुपात की तस्वीर देखें तो पंजाब का आंकड़ा 49.2 प्रतिशत, हरियाणा का 46.3 प्रतिशत और दिल्ली का 39.4 प्रतिशत है।
बेरोजगारी दर में पंजाब 7.8 प्रतिशत के साथ तीनों में सबसे ऊपर है। हरियाणा में यह 5.2 प्रतिशत और दिल्ली में 4.8 प्रतिशत रही। इस तुलना से साफ है कि पंजाब में अधिक लोग रोजगार बाजार में सक्रिय हैं, लेकिन उनमें से अपेक्षाकृत अधिक लोगों को काम नहीं मिल पा रहा है।
तीनों क्षेत्रों के प्रमुख आंकड़े
| सूचकांक | हरियाणा | पंजाब | दिल्ली |
| श्रमबल भागीदारी दर | 48.9% | 53.4% | 41.4% |
| कामगार जनसंख्या अनुपात | 46.3% | 49.2% | 39.4% |
| बेरोजगारी दर | 5.2% | 7.8% | 4.8% |
| महिला श्रमबल भागीदारी | 21.8% | 26.4% | 11.9% |
| महिला बेरोजगारी दर | 5.7% | 10.3% | 6.3% |
| सेवा क्षेत्र में कामगार | 35.3% | 29.5% | 80.5% |
हरियाणा और पंजाब में रोजगार का आधार अलग
कामगारों के क्षेत्रवार बंटवारे में भी दोनों राज्यों का अंतर सामने आता है। पंजाब में 41.1 प्रतिशत कामगार द्वितीयक क्षेत्र यानी उद्योग, निर्माण और इससे जुड़ी गतिविधियों में लगे हैं।
हरियाणा में इस क्षेत्र का हिस्सा 34.3 प्रतिशत है। हरियाणा में 35.3 प्रतिशत कामगार सेवा क्षेत्र में और 30.4 प्रतिशत कृषि क्षेत्र में लगे हैं। पंजाब में कृषि का हिस्सा 29.4 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र का 29.5 प्रतिशत है।
दिल्ली की तस्वीर इससे बिल्कुल अलग है। यहां 80.5 प्रतिशत कामगार सेवा क्षेत्र में लगे हैं। द्वितीयक क्षेत्र का हिस्सा 12.6 प्रतिशत और कृषि क्षेत्र का केवल 7 प्रतिशत है। यानी दिल्ली का रोजगार ढांचा मुख्य रूप से सेवा आधारित है, जबकि हरियाणा और पंजाब में कृषि और उद्योग की भूमिका भी महत्वपूर्ण बनी हुई है।
महिला रोजगार में दिल्ली सबसे पीछे
महिलाओं के आंकड़े तीनों क्षेत्रों के बीच एक और बड़ा अंतर दिखाते हैं। पंजाब में महिला श्रमबल भागीदारी दर 26.4 प्रतिशत रही। हरियाणा में यह 21.8 प्रतिशत और दिल्ली में केवल 11.9 प्रतिशत दर्ज की गई।
वास्तव में काम कर रही महिलाओं का अनुपात पंजाब में 23.6 प्रतिशत, हरियाणा में 20.6 प्रतिशत और दिल्ली में 11.2 प्रतिशत रहा। महिला बेरोजगारी दर में
पंजाब की स्थिति सबसे खराब रही। यहां यह दर 10.3 प्रतिशत थी, जबकि हरियाणा में 5.7 और दिल्ली में 6.3 प्रतिशत रही। इसका अर्थ है कि पंजाब में अधिक महिलाएं काम की तलाश में श्रमबल का हिस्सा बन रही हैं, लेकिन उनमें से सभी को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। दिल्ली में चुनौती अलग है, यहां महिलाओं की श्रमबल में भागीदारी ही काफी कम है।
क्या कहते हैं प्रो. एसएस चाहर?
हरियाणा अध्ययन केंद्र के पूर्व निदेशक प्रो. एसएस चाहर बताते हैं कि रोजगार के आंकड़े देखने से स्पष्ट है कि पंजाब में बेरोजगारी दर काफी चिंताजनक बनी हुई है। इसे सुधारने के लिए नीतिगत कार्यक्रम चलाने की जरूरत है।
श्रमबल में भागीदारी और वास्तव में रोजगार पाने वाले लोगों का अनुपात भी उतना ही महत्वपूर्ण है। पंजाब में श्रमबल भागीदारी अधिक होने के साथ बेरोजगारी दर भी ऊंची है। हरियाणा में रोजगार का अनुपात बेहतर है, जबकि दिल्ली की अर्थव्यवस्था सेवा क्षेत्र पर अधिक निर्भर है। महिलाओं की कम भागीदारी तीनों क्षेत्रों के लिए बड़ी चुनौती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।