भोंडसी जेल से रची गई थी ईश्वर हत्याकांड की साजिश, प्रोडक्शन पर लेकर दो आरोपित गिरफ्तार
मुरादपुर टेकना गांव के ईश्वर हत्याकांड के मामले में सीआइए-2 की टीम ने दो आरोपितों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : मुरादपुर टेकना गांव के ईश्वर हत्याकांड के मामले में सीआइए-2 की टीम ने दो आरोपितों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने जेल के अंदर से ही ईश्वर हत्याकांड की साजिश रची थी। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। ईश्वर टे की हत्या के मामले में गवाह था, इस वजह से उसकी हत्या की।
यह था मामला
मुरादपुर टेकना गांव निवासी ईश्वर की 19 जून को गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुबह ईश्वर गांव में दुकान पर बैठा था। इसी दौरान हमलावरों ने आकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतक के भाई खेल सिंह की शिकायत पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले की जांच सीआइए-2 की टीम को दी गई। इसमें पता चला कि कुछ साल पहले जून 2018 में ईश्वर के बेटे प्रवीण की अभिषेक उर्फ आशु ने अपने साथी राहुल उर्फ दादा, विनीत उर्फ तिरछी, सुशील और देवेंद्र उर्फ बिच्छु के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। यह मामला महम थाने में दर्ज हुआ था।
हाल ही में होनी थी गवाही
प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि बेटे की हत्या के मामले में ईश्वर गवाह बना हुआ था। हाल ही में उसकी गवाही होनी थी, लेकिन उससे पहले भी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। सीआइए-2 की टीम ने मुख्य आरोपित अभिषेक उर्फ आशु और मोखरा गांव निवासी दिनेश उर्फ सोनू को भोंडसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपितों से पूछताछ में पता चला जेल के अंदर से ही ईश्वर हत्याकांड की साजिश रची गई थी। आरोपित अभिषेक उर्फ आशु के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और चोरी आदि के करीब 15 मामले दर्ज है। जबकि आरोपित दिनेश के खिलाफ भी इसी तरह के सात मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपित फिलहाल भोंडसी जेल में बंद थे। इस मामले में गुरुग्राम के साढराणा गांव निवासी आकाश उर्फ अक्कू पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। जबकि फरार चल रहे कई आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।